
गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा ने कहा है कि टीम IPL 2026 में अपनी रणनीति नहीं बदलेगी और उसी आक्रामक अंदाज़ में खेलते हुए खिताब जीतने की कोशिश करेगी।
पिछले सीज़न में गुजरात टाइटंस एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस से हार गई थी। नेहरा चाहते हैं कि टीम इस हार के बारे में ज़्यादा न सोचकर अपने पुराने अंदाज़ में ही खेले।
नेहरा ने “शुभारंभ 2026” इवेंट के दौरान कहा, “मुझे नहीं लगता कि इस सीज़न हमें कुछ अलग सोचने की ज़रूरत है। दरअसल, मुझे नहीं सोचना है, खिलाड़ियों को सोचना है। उन्हें ही खेलना है, मैं तो बाहर बैठा हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “पहले दिन से ही हमारी सोच साफ रही है—हम सिर्फ हिस्सा लेने नहीं, बल्कि मुकाबला करने और जीतने के लिए यहां हैं। नई टीम के लिए यह सोचना आसान होता है कि समय लगेगा, लेकिन हमारा ऐसा कभी नजरिया नहीं रहा। यह विश्वास सिर्फ मेरा नहीं, पूरी टीम का था।”
नेहरा ने कप्तान शुभमन गिल की भी तारीफ करते हुए कहा, “आप एक ऐसे कप्तान की बात कर रहे हैं जो शुरुआत से टीम के साथ रहा है और इस पूरे सफर को देखा है। मुझे नहीं लगता कि हम इस सीज़न कुछ अलग करने वाले हैं।”
इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी और टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट विक्रम सोलंकी ने भी नेहरा की बात से सहमति जताई और कहा कि टीम को अपने खेल में ज़्यादा बदलाव की ज़रूरत नहीं है।
सोलंकी ने कहा, “जहां तक इस सीज़न और टीम बनाने की बात है, हमारा पिछला साल काफी अच्छा रहा। हम बस आखिरी चरण में चूक गए। हमने ऑक्शन में बहुत छोटे बदलाव किए हैं। पांच नए खिलाड़ी जुड़े हैं और मैथ्यू हेडन भी हमारे साथ शामिल हुए हैं।”
टीम के कप्तान शुभमन गिल ने भी नए सीज़न के लिए अपनी रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि वे मुश्किल परिस्थितियों में शांत रहने और बड़े दृष्टिकोण से सोचने पर ध्यान देंगे।
गिल ने कहा, “मैं बस खुद जैसा हूं वैसा ही रह रहा हूं। यह शांति मुझे अपने खेल और टीम पर भरोसे से मिलती है।”
उन्होंने आगे कहा, “किसी भी स्थिति में शांत रहने से आपको चीजों को बड़े नजरिए से देखने में मदद मिलती है। आप उस पल से आगे सोच पाते हैं और लंबी अवधि की स्पष्ट समझ बना पाते हैं।”
गौरतलब है कि भारत के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल, जो T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा नहीं थे, IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
गुजरात टाइटंस IPL 2026 में अपना पहला मैच 31 मार्च को पिछले साल की रनर-अप पंजाब किंग्स के खिलाफ उनके घरेलू मैदान पर खेलेगी।








