
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 2025 में खराब प्रदर्शन के बावजूद कप्तान अजिंक्य रहाणे पर भरोसा बनाए रखा है। टीम में बड़े बदलावों के बाद भी रहाणे ने शुक्रवार को कहा कि वह इस जिम्मेदारी को शांति और सकारात्मक सोच के साथ स्वीकार कर रहे हैं।
पिछले सीजन में 390 रन बनाकर टीम के टॉप स्कोरर रहने के बावजूद रहाणे KKR को बेहतर नतीजे नहीं दिला सके थे। टीम 14 मैचों में सिर्फ पांच जीत (दो मैच रद्द) के साथ नौवें स्थान पर रही थी।
हालांकि, अनुभवी खिलाड़ी रहाणे ने साफ किया कि वह चुनौतियों को सही मानसिकता के साथ संभालने पर ध्यान दे रहे हैं और दबाव उनके लिए नया नहीं है।
उन्होंने कहा, “हर साल एक खिलाड़ी और कप्तान के रूप में अलग-अलग चुनौतियां आती हैं। मैंने अपने करियर में यही सीखा है कि हर स्थिति में सकारात्मक रहना चाहिए।”
“मैं पिछले साल से टीम की कप्तानी कर रहा हूं और फ्रेंचाइजी ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया है, उसके लिए मैं आभारी हूं। मैं हर चीज़ को सकारात्मक तरीके से लेता हूं। जहां चुनौतियां होती हैं, वहीं अवसर भी होते हैं।”
रहाणे ने यह भी कहा कि उनकी सोच हमेशा से यही रही है कि मुश्किल हालात को भी सकारात्मक नजरिए से देखा जाए और अपना सर्वश्रेष्ठ दिया जाए।
पिछले सीजन के खराब अंत को देखते हुए रहाणे ने इस बार अच्छी शुरुआत और निरंतर प्रदर्शन पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, “हम एक टीम के तौर पर इस सीजन की अच्छी शुरुआत करना चाहते हैं। यह लंबा टूर्नामेंट है और आप बहुत जल्दी पीक पर नहीं पहुंचना चाहते। गलतियां होंगी, लेकिन हम सकारात्मक क्रिकेट खेलना चाहते हैं।”
इस बार KKR की बल्लेबाजी इकाई पूरी तरह बदली हुई नजर आएगी। टीम ने आंद्रे रसेल और वेंकटेश अय्यर जैसे प्रमुख खिलाड़ियों को रिलीज किया है और नीलामी में बड़ा निवेश करते हुए कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा है।
टीम में सुनील नरेन और रहाणे के साथ-साथ फिन एलेन और टिम सिफर्ट जैसे आक्रामक बल्लेबाज शामिल हैं, जो बल्लेबाजी को नई ताकत देंगे।
हालांकि, इतने विकल्प होने के बावजूद रहाणे ने बल्लेबाजी क्रम और संयोजन को लेकर कोई खुलासा नहीं किया।
उन्होंने कहा, “इस साल हमारी बल्लेबाजी बहुत मजबूत है। लगभग सभी बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं, विदेशी खिलाड़ी भी अच्छे लय में हैं। हम अभी कैंप की शुरुआत कर रहे हैं और सीजन को लेकर काफी उत्साहित हैं।”
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या रहाणे की कप्तानी में KKR इस सीजन में वापसी कर पाती है या नहीं।








