
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की शुक्रवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत एक असहज और विवादित पल के साथ हुई। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेड कोच अभिषेक नायर, बैटिंग कोच शेन वॉटसन, बॉलिंग कोच और मेंटर ड्वेन ब्रावो और कप्तान अजिंक्य रहाणे मौजूद थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होने से पहले ब्रावो अपने साथियों से बातचीत कर रहे थे, लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि माइक पहले से ऑन हैं।
इसी दौरान उन्होंने कहा, “जब इन लोगों ने मुझे कॉल किया, तब मेरे घर पर दो लड़कियां थीं।”
यह सुनते ही अजिंक्य रहाणे तुरंत बीच में आए और स्थिति को संभालते हुए ब्रावो को सावधान किया। उन्होंने कहा, “माइक ऑन हैं, जो बोल रहे हो ध्यान से बोलो।”
अगर रहाणे बीच में न आते, तो ब्रावो शायद और भी बोल देते। लेकिन तब तक यह पल रिकॉर्ड हो चुका था और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कई यूजर्स ने इस बयान के लिए ब्रावो की आलोचना की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होने के बाद ध्यान गंभीर मुद्दों पर चला गया, जहां ब्रावो ने KKR की गेंदबाजी को लेकर सवालों के जवाब दिए।
सीजन शुरू होने से पहले KKR की तेज गेंदबाजी यूनिट को झटका लगा है। स्टार पेसर हर्षित राणा बाहर हो चुके हैं, जबकि मथीशा पथिराना की उपलब्धता को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है।
फिर भी ब्रावो को टीम की बॉलिंग डेप्थ पर भरोसा है, खासकर सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती जैसे स्पिनर्स पर।
उन्होंने कहा, “किसी भी टूर्नामेंट में अगर आपके कुछ अहम गेंदबाज बाहर हो जाते हैं, तो यह ऐसी चीजें हैं जिनकी आप योजना नहीं बनाते, लेकिन आपको उन्हें स्वीकार करना पड़ता है।
अच्छी बात यह है कि इस समय भारतीय क्रिकेट में काफी गहराई है। उमरान मलिक, कार्तिक त्यागी जैसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने IPL खेला है और वे युवा और प्रतिभाशाली हैं।
मेरे लिए, टिम साउदी के साथ मिलकर इस तेज गेंदबाजी समूह के साथ काम करना खुशी की बात है।
हमारे पास पूरे टूर्नामेंट की सबसे बेहतरीन स्पिन जोड़ी है, इसलिए गेंदबाजी के लिहाज से मुझे लगता है कि हम ठीक रहेंगे।
वैभव अरोड़ा को भी मत भूलिए, जिनका पिछला सीजन शानदार रहा था। हमने कुछ अहम खिलाड़ी खोए हैं, लेकिन मुझे भरोसा है कि हमारे पास उन्हें रिप्लेस करने की क्षमता है।”
KKR अपना IPL 2026 अभियान 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में शुरू करेगी।








