आईपीएल 2026: ‘एब्सोल्यूट कैनन्स’ – क्यों सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती ईडन गार्डन्स पर कर सकते हैं राज!

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने कहा है कि भले ही टी20 वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन साधारण रहा हो, लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए वरुण चक्रवर्ती बेहद अहम खिलाड़ी साबित होंगे। आईपीएल 28 मार्च से शुरू हो रहा है।

डु प्लेसिस ने जियोहॉटस्टार से बातचीत में कहा कि ईडन गार्डन्स की पिच को सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती के अनुसार तैयार किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “अगर मैं KKR टीम मैनेजमेंट का हिस्सा होता, तो मैं ग्राउंड्समैन से कहता कि पिच को स्पिन फ्रेंडली बनाया जाए। KKR के पास दो ‘एब्सोल्यूट कैनन्स’ हैं—वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन।”

उन्होंने आगे कहा, “ये दोनों इस समय टी20 क्रिकेट के सबसे बेहतरीन स्पिनर्स में से हैं। अगर ये ऐसे विकेट पर खेलते हैं जहां उन्हें मदद नहीं मिलती, तो टीम अपनी सबसे बड़ी ताकत खो देती है। KKR को इस आईपीएल में सफल होना है तो इन दोनों का चलना बेहद जरूरी है और पिच उसी हिसाब से तैयार होनी चाहिए।”

भारत के टी20 वर्ल्ड कप अभियान में चक्रवर्ती ज्यादा प्रभावी नहीं रहे और उन्होंने 9 से ज्यादा इकॉनमी रेट के साथ 14 विकेट लिए। वहीं पिछले सीजन KKR ने 14 में से सिर्फ 5 मैच जीते और अंक तालिका में नीचे से तीसरे स्थान पर रही।

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में KKR 29 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी।

डु प्लेसिस ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन को भी टीम के लिए अहम खिलाड़ी बताया, लेकिन साथ ही कहा कि 25.2 करोड़ रुपये की कीमत के कारण उन पर काफी दबाव रहेगा।

उन्होंने कहा, “कैमरून ग्रीन एक बहुत ही प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। वह गेंदबाजी भी करते हैं, बल्लेबाजी भी शानदार करते हैं और टीम को संतुलन देते हैं। वह एक ‘कम्प्लीट पैकेज’ हैं। लेकिन हाल ही में उनकी फॉर्म अच्छी नहीं रही है और इतनी बड़ी कीमत के कारण उन पर काफी दबाव होगा।”

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी ने सलाह दी कि कप्तान अजिंक्य रहाणे को टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि रहाणे को नंबर 3 से नीचे नहीं खेलना चाहिए। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए नंबर 3 पर शानदार प्रदर्शन किया है। अगर वह वन-डाउन बल्लेबाजी करें तो यह उनके और KKR दोनों के लिए फायदेमंद होगा।”

बालाजी ने सुझाव दिया कि कैमरून ग्रीन को नंबर 4 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए, ताकि उन्हें सेट होने का समय मिल सके और फिर वह बड़े शॉट्स खेल सकें।

उन्होंने KKR के टॉप ऑर्डर के लिए फिन एलेन, टिम सिफर्ट, अजिंक्य रहाणे और कैमरून ग्रीन को आदर्श संयोजन बताया।