आईपीएल 2026: आरसीबी अपने घरेलू मैच बेंगलुरु और रायपुर में खेलेगी!

अगले आईपीएल सीजन में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने सात घरेलू मुकाबलों में से पांच मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में और बाकी दो मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेलेगी। टीम ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।

आरसीबी के पहले आईपीएल खिताब के बाद हुए भगदड़ हादसे में 11 प्रशंसकों की मौत के बाद यह सवाल उठ रहे थे कि क्या टीम को अपने घरेलू मैदान पर खेलने की अनुमति मिलेगी। इस घोषणा के साथ उन अटकलों पर विराम लग गया है।

उस दर्दनाक घटना के बाद से इस मैदान पर रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी या महाराजा ट्रॉफी केएससीए टी20 जैसे बड़े घरेलू टूर्नामेंट भी आयोजित नहीं किए गए थे।

आरसीबी ने एक बयान में कहा, “यह महत्वपूर्ण निर्णय कई महीनों की कड़ी मेहनत और संबंधित सभी अधिकारियों के साथ करीबी समन्वय के बाद लिया गया है, जिसका उद्देश्य प्रशंसकों के लिए मैचों को दोबारा घरेलू मैदान पर लाना था।”

फ्रेंचाइज़ी ने कर्नाटक सरकार, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) और कर्नाटक पुलिस का सहयोग और मार्गदर्शन देने के लिए आभार व्यक्त किया।

“आईपीएल सीजन से पहले बुनियादी ढांचे और सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए किए गए सामूहिक प्रयासों के कारण डिफेंडिंग चैंपियन अपने अधिकांश घरेलू मैच अपने ही मैदान पर खेल पाएंगे।”

टीम के अनुसार, रायपुर में होने वाले दो “घरेलू मैच” पहले से किए गए वादे के तहत आयोजित किए जाएंगे।

आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने कहा, “एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम सिर्फ हमारा घरेलू मैदान नहीं है, बल्कि यहीं हमारी टीम की पहचान जीवंत होती है। बेंगलुरु में हमारे प्रशंसकों की ऊर्जा हमेशा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा रही है।”

उन्होंने आगे कहा, “हमारे प्रशंसक हमेशा हमारे साथ खड़े रहे हैं और वे अपने घर में अपनी टीम को खेलते देखने के हकदार हैं। सभी आवश्यक अनुमतियों की प्रक्रिया पूरी करने और विस्तृत चर्चाओं के बाद हमें यह पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है कि आरसीबी बेंगलुरु में पांच मैच खेलेगी। इसके लिए हम कर्नाटक सरकार, केएससीए और कर्नाटक पुलिस का धन्यवाद करते हैं।”

अब आरसीबी के प्रशंसकों को एक बार फिर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलते देखने का मौका मिलेगा।