‘भारत हॉट फेवरेट नहीं’: इंग्लैंड मुकाबले से पहले मोहम्मद आमिर का नया तंज!

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया को लेकर की गई अपनी भविष्यवाणी पर सोशल मीडिया ट्रोलिंग झेलने के बावजूद मोहम्मद आमिर अपने बयान से पीछे नहीं हटे हैं। पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज़ ने पहले कहा था कि दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद भारत सुपर आठ से आगे नहीं बढ़ पाएगा। लेकिन जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज पर लगातार जीत के साथ सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम अब सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।

गुरुवार को मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले आमिर ने एक पाकिस्तानी टीवी शो में नई भविष्यवाणी की।

उन्होंने कहा, “अगर मैं क्रिकेटिंग नजरिए से विश्लेषण करूं तो भारत अच्छी क्रिकेट नहीं खेल रहा। उनकी फील्डिंग देखिए। उन्होंने कम से कम 3-4 कैच छोड़े और मैदान पर गलतियां कीं। जसप्रीत बुमराह को छोड़कर हर गेंदबाज़ महंगा साबित हुआ। मैंने पहले भी कहा था कि हार्दिक पांड्या बड़ी टीमों के खिलाफ प्रदर्शन नहीं करते। उन्होंने चार ओवर में 40 रन दिए। वेस्टइंडीज ने वरुण चक्रवर्ती को भी निशाना बनाया और सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमें स्पिन के खिलाफ अच्छा खेलती हैं। मुझे नहीं लगता कि भारत अभी टूर्नामेंट का हॉट फेवरेट है।”

आमिर ने शिमरोन हेटमायर के आउट होने के फैसले को भी ‘विवादित’ बताया। उनका कहना था कि अगर हेटमायर आउट नहीं दिए जाते तो मैच वेस्टइंडीज की तरफ झुक सकता था।

दरअसल, हेटमायर ने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधा विकेटकीपर संजू सैमसन के दस्तानों में चली गई। बुमराह ने अपील की और अंपायर ने उन्हें आउट दे दिया। हेटमायर ने डीआरएस लिया। रिप्ले में हल्का एज दिखाई दिया, लेकिन हेटमायर और वेस्टइंडीज डगआउट इस फैसले से संतुष्ट नहीं थे।

आमिर ने कहा, “मुझे लगता है हेटमायर का आउट होना विवादित था। मुझे नहीं लगता वह आउट थे। अगर वह थोड़ी देर और टिक जाते और स्कोर 220–230 तक पहुंच जाता, तो भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाता।”