टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद भारत में फंसी वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीमें, मिडिल ईस्ट में हवाई क्षेत्र बंद होने से संकट!

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की क्रिकेट टीमें भारत में ही फंसी हुई हैं। अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के कारण दुबई और मिडल ईस्ट क्षेत्र का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है, जिससे उनकी वापसी प्रभावित हुई है।

वेस्टइंडीज रविवार को भारत से पांच विकेट की हार के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाने में असफल रही, जबकि जिम्बाब्वे सुपर आठ के अपने तीनों मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया।

दोनों टीमें स्वदेश नहीं लौट पा रही हैं क्योंकि खाड़ी क्षेत्र में हजारों अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। मिडिल ईस्ट, खासकर दुबई, अंतरराष्ट्रीय ट्रांजिट का बड़ा केंद्र है। मौजूदा हालात को देखते हुए उड़ान सेवाएं कब बहाल होंगी, इस पर भी अनिश्चितता बनी हुई है।

जिम्बाब्वे क्रिकेट ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “जिम्बाब्वे पुरुष टीम भारत में सुरक्षित है… टीम की दुबई के रास्ते स्वदेश वापसी तय थी।”

दूसरी ओर, क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने कहा कि वे खिलाड़ियों और स्टाफ की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आईसीसी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

इससे पहले दुबई स्थित आईसीसी ने भी कहा था कि जो टीमें दुबई से होकर अपने देश लौटने वाली थीं, उनके लिए वैकल्पिक योजनाओं पर काम किया जा रहा है।

CWI ने कहा, “हमारे खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल बुधवार को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 8 मार्च (रविवार) को अहमदाबाद में खेला जाएगा।

टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के अलावा दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीमों की स्वदेश वापसी भी आईसीसी के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है।