टी20 विश्व कप: भारत ने अभिषेक शर्मा पर भरोसा बरकरार रखा, लेकिन टॉप ऑर्डर में फेरबदल संभव!

गुरुवार को चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाले अहम टी20 विश्व कप सुपर एट मुकाबले से पहले भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने खराब फॉर्म से जूझ रहे ओपनर अभिषेक शर्मा का समर्थन किया। हालांकि उन्होंने यह भी संकेत दिया कि टॉप ऑर्डर में सामरिक बदलाव किए जा सकते हैं, जिसमें संजू सैमसन को मौका देना भी शामिल है।

आईसीसी टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म के साथ उतरे अभिषेक अब तक संघर्ष करते दिखे हैं। चार मैचों में उन्होंने सिर्फ 15 रन बनाए हैं, उनका औसत 3.75 और स्ट्राइक रेट 75 रहा है।

नामीबिया के खिलाफ ग्रुप मैच में पेट की बीमारी के कारण नहीं खेल पाने के बाद भी कोटक को उनकी क्षमता पर पूरा भरोसा है।

कोटक ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “अभिषेक की तबीयत थोड़ी खराब थी, उसके बाद वह लय में नहीं दिखे। लेकिन पिछले मैच (दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ) में वह अच्छे लगे। किसी एक खिलाड़ी के बारे में ज्यादा सोचने में मुझे व्यक्तिगत तौर पर विश्वास नहीं है। अगर हम किसी एक पर ज्यादा ध्यान देंगे तो वह दबाव में आ जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा, “जब वह 30 गेंदों में 80-90 रन या 40-50 गेंदों में शतक बना रहे थे, तब कोई चर्चा नहीं कर रहा था। हमारा काम है उसे सही मानसिक स्थिति में रखना। जैसे ही वह फिर से गेंद को सही टाइम करना शुरू करेगा, वही पुराना अभिषेक दिखेगा। टी20 में कोई गारंटी नहीं दे सकता कि अगली ही मैच में वह बड़ा स्कोर करेगा, लेकिन मुझे लगता है वह दिन दूर नहीं है।”

हालांकि, इस टूर्नामेंट में अभिषेक ऑफ स्पिनरों के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए हैं। यहां तक कि नीदरलैंड्स के युवा गेंदबाज आर्यन दत्त ने भी उन्हें आउट किया।

कोटक ने माना कि टीम प्रबंधन जिम्बाब्वे के खिलाफ संजू सैमसन को खिलाने पर विचार कर रहा है, लेकिन उन्होंने किसी बदलाव की पुष्टि नहीं की।

उन्होंने कहा, “बदलाव हो सकते हैं, क्योंकि दो बाएं हाथ के बल्लेबाज ओपनिंग कर रहे हैं और नंबर तीन भी लेफ्ट-हैंडर है, जबकि विपक्ष स्पिन डाल रहा है। व्यक्तिगत तौर पर मुझे इसमें कोई दिक्कत नहीं लगती, लेकिन हम पिछला मैच (दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ) हार गए और पहले ओवर में विकेट गिरा… तो जाहिर है कोई भी टीम सोचती है।”

उन्होंने जोड़ा, “हम टीम बहुत पहले तय नहीं करते। और पहले से अपनी योजना बताना भी ठीक नहीं। लेकिन विचार जरूर चल रहे हैं।”

चेपॉक में नेट्स पर सैमसन का अभिषेक से पहले बल्लेबाजी करना भी कोई संकेत नहीं है। कोटक ने स्पष्ट किया कि अभिषेक आमतौर पर नेट्स में पहले बल्लेबाजी नहीं करते और सैमसन तीसरे ओपनर और विकेटकीपर होने के कारण कहीं भी अभ्यास करते हैं।

टीम के सामने एक और चुनौती तिलक वर्मा का कम स्ट्राइक रेट (118) है, जिससे ईशान किशन द्वारा दी गई अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं मिल पा रहा। हालांकि कोटक को तिलक की रणनीति में कोई समस्या नजर नहीं आती।

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान के खिलाफ हमारा लक्ष्य 175 था और उस विकेट पर वह पर्याप्त था। ईशान ने अच्छी शुरुआत दी। गेंद स्पिन हो रही थी, इसलिए कोई भी टीम एक साथ 3-4 विकेट नहीं खोना चाहेगी।”

उन्होंने आगे कहा, “तिलक के लिए भी यह सिर्फ दो चौकों का मामला है। कभी-कभी बल्लेबाज को वह गेंद नहीं मिलती। अगर वह 30-32 गेंदों में 34-35 पर है और एक-दो चौके या एक छक्का मिल जाए तो वह तेजी पकड़ सकता है। न तो उसे रक्षात्मक खेलने का निर्देश है और न ही वह ऐसा सोचता है। इसलिए तिलक या अभिषेक को लेकर कोई तनाव नहीं है।”

अब देखना दिलचस्प होगा कि भारत जिम्बाब्वे के खिलाफ टॉप ऑर्डर में बदलाव करता है या युवा खिलाड़ियों पर भरोसा कायम रखता है।