हरमनप्रीत कौर बनीं महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी!

भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इतिहास रच दिया है। गुरुवार को कैनबरा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान उन्होंने महिला क्रिकेट में सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

टॉस के दौरान हरमनप्रीत ने कहा, “यह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। उम्मीद है मैं आगे भी टीम के लिए इसी तरह मेहनत करती रहूं और जितना हो सके उतना खेलती रहूं।”

356वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते ही हरमनप्रीत ने न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स को पीछे छोड़ दिया और महिला क्रिकेट में सबसे ज़्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी बन गईं।

इस सूची में ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी 349 मैचों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड की शार्लट एडवर्ड्स ने 309 मैच खेले हैं, जबकि भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज ने 333 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में हिस्सा लिया।

इसके अलावा इंग्लैंड की डैनी वायट-हॉज (302), न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन (305) और इंग्लैंड की ही हीदर नाइट (303) भी सबसे ज़्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली खिलाड़ियों में शामिल हैं।

अब तक अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में हरमनप्रीत कौर 189 टी20, 161 वनडे और 6 टेस्ट मैच खेल चुकी हैं। 36 वर्षीय हरमनप्रीत ने वनडे में 4409 रन, टी20 में 3784 रन और टेस्ट में 200 रन बनाए हैं।

इसके अलावा उन्होंने महिला द हंड्रेड में 10 मैच, महिला बिग बैश लीग में 62 मैच और महिला प्रीमियर लीग में 35 मुकाबले भी खेले हैं।

पिछले साल हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत ने इतिहास रचते हुए दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब भी अपने नाम किया था।