
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के खिलाफ कोलंबो में मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान टीम बड़ा फैसला लेने जा रही है। खराब प्रदर्शन के चलते आगामी टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में नामीबिया के खिलाफ बाबर आज़म और शाहीन शाह अफ़रीदी को प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठाया जा सकता है।
टीम मैनेजमेंट से जुड़े एक भरोसेमंद सूत्र ने सोमवार को बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने भारत से 61 रनों की हार पर गहरी नाराज़गी जताई है और टीम मैनेजर नावेद अकरम चीमा को इस बारे में सख्त संदेश भेजा है।
सूत्र के अनुसार, “चेयरमैन प्रेमदासा स्टेडियम में मैच के दौरान ही निकल गए थे क्योंकि साफ हो गया था कि पाकिस्तान को भारत से एक और हार झेलनी पड़ेगी।”
उन्होंने आगे कहा कि नक़वी ने सीनियर पीसीबी अधिकारी के ज़रिए मैनेजमेंट को बताया कि बड़े मुकाबलों में इस तरह का प्रदर्शन न तो स्वीकार्य है और न ही समझ में आने वाला।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि हेड कोच माइक हेसन ने ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को याद दिलाया कि वे अपनी पूरी क्षमता के मुताबिक नहीं खेल पाए।
सूत्र के मुताबिक, “देर रात मैनेजमेंट थिंक टैंक ने फैसला किया कि अब बहुत हो चुका है। नामीबिया के खिलाफ बुधवार को बाबर और शाहीन को बाहर बैठाकर सलमान मिर्ज़ा/नसीम शाह और फखर ज़मान को आज़माया जाएगा।”
इसके अलावा मिडिल ऑर्डर में युवा ख्वाजा नफे को मौका देने की भी योजना है। अगर ये बदलाव सफल रहते हैं, तो बाबर और शाहीन का इस वर्ल्ड कप में सफर यहीं खत्म हो सकता है।
पाकिस्तान अगर सुपर एट चरण में पहुंचना चाहता है तो नामीबिया के खिलाफ किसी भी तरह की चूक उसे भारी पड़ सकती है। भारत से हार से पहले टीम ने नीदरलैंड्स और निचली रैंक वाली अमेरिका को हराया था।








