टी20 वर्ल्ड कप: पैट कमिंस ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला क्यों लिया!

ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ और कप्तान पैट कमिंस ने खुलासा किया है कि टी20 वर्ल्ड कप से हटने के पीछे सिर्फ चोट ही नहीं, बल्कि आने वाले टेस्ट सीज़न के लिए पूरी तरह फिट रहना भी एक बड़ी वजह है। कमिंस चाहते हैं कि वह आगामी टेस्ट सीज़न में हर मैच खेल सकें, इसलिए उन्होंने यह कठिन फैसला लिया।

ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस को पीठ की चोट से पूरी तरह उबर न पाने के कारण टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ा। उनकी जगह बेन ड्वारशुइस को टीम में शामिल किया गया है।

हालांकि कमिंस का कहना है कि वह इस समय “काफी अच्छा” महसूस कर रहे हैं, लेकिन वह पिछले साल जुलाई में वेस्टइंडीज दौरे के बाद से ही पीठ की समस्या से जूझ रहे हैं। हाल ही में कराए गए स्कैन के बाद उन्होंने 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप से हटने का फैसला किया।

ऑस्ट्रेलियन एसोसिएटेड प्रेस के हवाले से कमिंस ने कहा, “यह वाकई दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं ठीक महसूस कर रहा हूं, बस थोड़ा सा झटका लगा और समय कम पड़ गया। अब मैं कुछ हफ्ते आराम करूंगा और फिर आगे की योजना बनाऊंगा।”

उन्होंने आगे बताया “एडिलेड टेस्ट के बाद हमें पता था कि हड्डी को पूरी तरह ठीक होने में चार से आठ हफ्ते लग सकते हैं। शुरुआत में लगा था कि चार हफ्ते काफी होंगे क्योंकि मैं अच्छा महसूस कर रहा था, लेकिन फॉलो-अप स्कैन के बाद डॉक्टरों ने कहा कि अभी दो हफ्ते और चाहिए। ऐसे में समय सीमा बहुत टाइट हो गई।”

ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट शेड्यूल काफी व्यस्त है। अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन और मैके में दो टेस्ट से इसकी शुरुआत होगी। इसके बाद सितंबर में साउथ अफ्रीका दौरे पर एक टेस्ट और वनडे सीरीज़ खेली जाएगी।

न्यूज़ीलैंड की मेज़बानी के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत दौरे पर आएगी, जहां पांच टेस्ट की बॉर्डर-गावस्कर सीरीज़ खेली जाएगी। मार्च में इंग्लैंड के खिलाफ एमसीजी में 150वीं वर्षगांठ का पिंक-बॉल टेस्ट भी तय है।

इसके बाद वनडे वर्ल्ड कप, इंग्लैंड में एशेज सीरीज़ और जून में लॉर्ड्स में संभावित वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल भी हो सकता है।

कमिंस ने कहा, “आने वाले क्रिकेट को देखते हुए हमें लगा कि साल की शुरुआत में थोड़ा सतर्क रहना सही रहेगा। अगर अभी इसे ठीक से संभाल लिया जाए तो आगे टेस्ट मैचों के दौरान परेशानी नहीं होगी। लेकिन अगर अभी लापरवाही की और चोट बढ़ गई, तो फिर लगातार उसी के पीछे भागते रहेंगे।”

32 वर्षीय तेज़ गेंदबाज़ को उम्मीद है कि वह आईपीएल 2026 की शुरुआत 26 मार्च से पहले पूरी तरह फिट हो जाएंगे और सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी कर पाएंगे।

उन्होंने कहा, “सब कुछ मेरी पीठ की हालत पर निर्भर करेगा। कुछ हफ्तों में फिर स्कैन होगा, अगर सब ठीक रहा तो धीरे-धीरे वापसी करूंगा। टी20 फॉर्मेट में फिट होना टेस्ट के मुकाबले थोड़ा आसान होता है, इसलिए मैं वर्ल्ड कप के काफी करीब तक पहुंच गया था।”

हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ 0-3 से सीरीज़ हारने के कारण ऑस्ट्रेलिया की तैयारी आदर्श नहीं रही, लेकिन कमिंस टीम को लेकर सकारात्मक हैं।

उन्होंने कहा, “पाकिस्तान में हमारे मैच अच्छे नहीं रहे, लेकिन खिलाड़ी एक मज़बूत बिग बैश सीज़न के बाद आ रहे हैं और कुछ खिलाड़ी चोट से वापसी कर रहे हैं। टीम का माहौल अच्छा है। मैं दूर से लड़कों से बात कर रहा हूं, सभी जानते हैं कि यह टूर्नामेंट कितना बड़ा है और वे पूरी तरह तैयार होकर शुरुआत करना चाहते हैं।”