
इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार वापसी करने वाले ईशान किशन का मानना है कि अभिषेक शर्मा के साथ बल्लेबाज़ी करने से उन्हें यह साफ समझ आया कि खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट में इरादा सबसे अहम होता है।
प्लेयर ऑफ द मैच बने ईशान किशन ने कहा, “अभिषेक शर्मा के साथ बल्लेबाज़ी करने से बहुत मदद मिलती है। उसका इरादा देखकर समझ आ जाता है कि टीम को किस तरह की गति चाहिए। फिर आप बस गेंद पर नज़र रखते हैं और उसी हिसाब से खेलते हैं। आज मेरे लिए यही तरीका काम आया।”
शनिवार को तिरुवनंतपुरम में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20I में ईशान ने तूफानी अंदाज़ में अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा। इससे पहले उन्होंने दूसरे टी20 में 76 रन बनाए थे। ईशान ने अपनी आखिरी 50 रन सिर्फ 14 गेंदों में पूरे किए और 42 गेंदों में शतक पूरा किया।
टीम की सोच को समझाते हुए ईशान ने कहा, “मुझे लगता है कि अब हमारी टीम के हर खिलाड़ी की यही मानसिकता है। अगर आप किसी माइलस्टोन के करीब भी हों, तो उससे फर्क नहीं पड़ता।
अगर उस वक्त आप सिंगल्स लेने लगें, तो बाद में लगेगा कि बड़ा शॉट खेलने का मौका चूक गए। इसलिए अगर गेंद हिट करने लायक है, तो उसे मारना चाहिए। फोकस मैच जीतने पर है, व्यक्तिगत रिकॉर्ड पर नहीं।”
उधर, न्यूज़ीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने 1–4 से सीरीज़ हारने के बावजूद इसे टी20 वर्ल्ड कप से पहले फायदेमंद बताया।
सैंटनर ने कहा, “जब पूरी सीरीज़ में आपको चुनौती मिलती है, तो यह हमेशा अच्छी बात होती है। इससे गेंदबाज़ों और बल्लेबाज़ों—दोनों पर दबाव पड़ता है और सीखने को मिलता है। इस नजरिए से यह सीरीज़ हमारे लिए काफी अच्छी रही।”
उन्होंने आगे जोड़ा, “नतीजे हमारे पक्ष में नहीं रहे, लेकिन हर मैच से सीख मिली है। गेंदबाज़ी यूनिट के तौर पर हमें ऐसे बेहतरीन बल्लेबाज़ों के खिलाफ रास्ते खोजने होंगे, जो चौके-छक्कों से रन बटोरते हैं।”








