
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सोमवार को वडोदरा में खेले गए विमेंस प्रीमियर लीग मुकाबले में गौतमी नाइक के शानदार अर्धशतक की बदौलत गुजरात जायंट्स को 61 रन से हराकर टॉप-3 में जगह पक्की कर ली।
अब तक अपराजित RCB ने लगातार पाँचवां मैच जीतते हुए सबसे पहले नॉकआउट में पहुंचने वाली टीम बनने का गौरव हासिल किया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दूसरे ओवर तक जॉर्जिया वॉल और ग्रेस हैरिस के विकेट गिर गए और स्कोर सिर्फ 9 रन था। इसके बाद गौतमी नाइक ने पारी संभाली और टीम को 178/6 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। सातवें ओवर तक टीम ने 34 रन पर चार विकेट गंवा दिए। अनुष्का शर्मा, सोफी डिवाइन, बेथ मूनी और कनिका आहूजा जल्दी आउट हो गईं। जॉर्जिया वेयरहैम और क्ष्वी गौतम भी कुछ खास नहीं कर सकीं।
भारती फुलमाली (14) और कप्तान एश्ले गार्डनर (43 गेंदों में 54 रन) ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सकीं। गार्डनर की पारी में पाँच चौके और एक छक्का शामिल था। गुजरात जायंट्स की पूरी टीम 20 ओवर में 117/8 रन ही बना सकी।
RCB की ओर से सायली सतघरे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3/21 का प्रदर्शन किया और सबसे सफल गेंदबाज रहीं। नादीन डी क्लर्क ने भी 2/17 लेकर अच्छा साथ दिया।
इससे पहले RCB की पारी में कप्तान स्मृति मंधाना (23 गेंदों में 26 रन) और गौतमी नाइक ने तीसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। गार्डनर ने सफल रिव्यू के बाद मंधाना को एलबीडब्ल्यू आउट किया।
इसके बाद नाइक (55 गेंदों में 73 रन, 7 चौके, 1 छक्का) और ऋचा घोष (20 गेंदों में 27 रन) ने चौथे विकेट के लिए 69 रन की अहम साझेदारी की। ऋचा ने तीन छक्कों के साथ तेजी से रन बटोरे। 18वें ओवर में नाइक के आउट होने के बाद राधा यादव (8 गेंदों में 17 रन) ने तेज कैमियो खेलकर RCB को 178/6 तक पहुंचाया।
इस बड़ी जीत के साथ RCB ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली।








