
दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज़ गेंदबाज़ एलन डोनाल्ड का मानना है कि विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास थोड़ा जल्दी ले लिया, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि यह भारतीय स्टार बल्लेबाज़ 2027 के वनडे वर्ल्ड कप तक खेलने का जज़्बा जरूर रखता है।
डोनाल्ड, जो 2014–15 के आईपीएल सीज़न में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के गेंदबाज़ी कोच रहते हुए कोहली के काफ़ी करीब रहे हैं, ने कोहली की जबरदस्त मेहनत और फिटनेस को इसका सबसे बड़ा सबूत बताया।
पीटीआई के हवाले से एलन डोनाल्ड ने एसए20 के दौरान चुनिंदा मीडिया से कहा, “सच कहूं तो विराट के अलावा मैंने किसी खिलाड़ी में इतनी भूख नहीं देखी। मुझे उसके लिए बहुत सम्मान है। मैं ड्रेसिंग रूम में अक्सर उसकी ट्रेनिंग और चैंपियन जैसी मेहनत की बात करता हूं। उसके जैसा मेहनत करने वाला खिलाड़ी मैंने नहीं देखा। वह सच में एक मशीन है।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे टेस्ट क्रिकेट में उसकी कमी खलती है। मुझे लगता है कि उसने टेस्ट से थोड़ा जल्दी संन्यास ले लिया, लेकिन मुझे इसमें कोई शक नहीं कि हम उसे बहुत जल्द ही व्हाइट-बॉल क्रिकेट में, खासकर वर्ल्ड कप में, खेलते देखेंगे।”
डोनाल्ड ने यह भी कहा कि दक्षिण अफ्रीका ने आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए एक मज़बूत और संतुलित टीम चुनी है, जो अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में खेला जाएगा।
उन्होंने कहा, “भारत में यह टूर्नामेंट जबरदस्त होने वाला है। दक्षिण अफ्रीका ने काफी मजबूत टीम चुनी है। हमेशा यह चर्चा होती है कि कौन गया और कौन नहीं गया, लेकिन भारत की टी20 पिचें दुनिया में सबसे बेहतरीन हैं। यहां गेंदबाज़ी करना बेहद मुश्किल होता है। आईपीएल में आपने देखा होगा कि पावरप्ले में ही 120 से ज्यादा रन बन जाते हैं। बल्लेबाज़ी का स्तर बहुत आगे बढ़ चुका है।”
डोनाल्ड ने आगे कहा, “अगर गेंदबाज़ी के नजरिए से आप छोटी-छोटी चीज़ों पर जीत हासिल कर लें और बहुत समझदारी से योजना बनाएं, तो मुकाबला वहीं तय होता है। मुझे उम्मीद है कि इस बार भी दक्षिण अफ्रीका फाइनल तक पहुंचेगा।”








