ग्रोइन सर्जरी के बाद तिलक वर्मा न्यूज़ीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज़ से बाहर, T20 वर्ल्ड कप पर भी संशय!

भारतीय बल्लेबाज़ तिलक वर्मा ग्रोइन इंजरी की सर्जरी के बाद न्यूज़ीलैंड के खिलाफ होने वाली T20 इंटरनेशनल सीरीज़ में नहीं खेल पाएंगे। इसके साथ ही अगले महीने शुरू होने वाले T20 वर्ल्ड कप के शुरुआती दो मैचों में उनका खेलना भी काफी संदिग्ध माना जा रहा है।

23 वर्षीय तिलक वर्मा इस समय विजय हज़ारे ट्रॉफी में हैदराबाद की ओर से राजकोट में खेल रहे थे, तभी उन्हें अचानक तेज़ दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पाँच मैचों की T20 सीरीज़ 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होनी है।

PTI की रिपोर्ट के अनुसार एक BCCI अधिकारी ने बताया,
“तिलक वर्मा को राजकोट में अचानक तीव्र दर्द की शिकायत हुई, जहां वह विजय हज़ारे टूर्नामेंट के लिए हैदराबाद टीम का हिस्सा थे। उन्हें गोकुल अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में टेस्टिकुलर टॉर्शन (अचानक और तेज़ दर्द) की पुष्टि हुई और तुरंत सर्जरी की सलाह दी गई।”

उन्होंने आगे कहा, “हमने अपने विशेषज्ञों से राय ली और उन्होंने भी सर्जरी को ज़रूरी बताया। तिलक की सर्जरी सफल रही है और फिलहाल उनकी हालत ठीक है। मेडिकल पैनल से चर्चा के बाद उनके रिकवरी और वापसी की समय-सीमा पर जल्द अपडेट दिया जाएगा।”

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, तिलक वर्मा का न्यूज़ीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज़ से बाहर होना तय है।

भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में होने वाले T20 वर्ल्ड कप में भारत अपना पहला मैच 7 फरवरी को मुंबई में अमेरिका के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद सह-मेज़बान श्रीलंका के साथ भारत का अगला मुकाबला 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ होगा।