
गंभीर गर्दन की चोट के बाद बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में गहन रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे शुभमन गिल अब पूरी तरह फिट महसूस कर रहे हैं और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ में वापसी के लिए तैयार हैं। CoE ने गिल को क्लीन चिट दे दी है, जिसके बाद वह कटक में मंगलवार से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज़ में हिस्सा ले सकेंगे।
भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान गिल को पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान स्वीप शॉट खेलते समय गर्दन में चोट लग गई थी। इसी वजह से वह गुवाहाटी में खेले गए दूसरे टेस्ट और उसके बाद की वनडे सीरीज़ में नहीं खेल पाए थे।
अब प्रोटीज़ के खिलाफ टी20 सीरीज़ में उप-कप्तान की भूमिका निभा रहे गिल से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
bcci.tv से बातचीत में गिल ने कहा, “मैं अब खुद को काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं। जिस दिन मैं यहां आया था, उस दिन से लेकर आज तक मैंने कई स्किल सेशंस और ट्रेनिंग सेशंस किए हैं। इसलिए मैं बहुत, बहुत बेहतर महसूस कर रहा हूं।”
बीसीसीआई ने स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग कोच एस रजनीकांत की निगरानी में गिल के ट्रेनिंग और रिकवरी की कुछ तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए हैं। इन फुटेज में गिल को स्वीप शॉट का अभ्यास करते हुए भी देखा जा सकता है।
गिल ने बेंगलुरु के उपनगरों में स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी (जो अब एक बड़ा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बन चुका है) में बिताए अपने शुरुआती दिनों को भी याद किया।
उन्होंने कहा, “अंडर-14 और अंडर-16 में खेलते समय हमारे बीच यह बात आम थी कि कोई एनसीए जाकर वापस आया है।
जब आप यहां आते हैं तो आप खुद को क्रीम ऑफ द क्रॉप समझते हैं। आपके पास वह स्किलसेट होता है जो आपको अगले स्तर तक ले जा सके। यहां की सुविधाओं का सही इस्तेमाल करके आप यह सीखते हैं कि शारीरिक और मानसिक रूप से खुद को अगले लेवल तक कैसे ले जाना है।”








