ऐशेज़: मिचेल स्टार्क ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में सबसे सफल लेफ़्ट-आर्म पेसर बने!

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क ने गुरुवार को टेस्ट क्रिकेट में एक बड़ा कीर्तिमान रच दिया। उन्होंने पाकिस्तान के महान गेंदबाज़ वसीम अकरम को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट इतिहास के सबसे सफल लेफ़्ट-आर्म तेज़ गेंदबाज़ बन गए।

ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर खेले जा रहे डे-नाइट दूसरे ऐशेज़ टेस्ट के पहले दिन, 35 वर्षीय स्टार्क ने इंग्लैंड के बल्लेबाज़ हैरी ब्रूक का विकेट लेकर अपने टेस्ट करियर का 415वां विकेट हासिल किया। दिलचस्प बात यह है कि 14 साल पहले स्टार्क ने टेस्ट डेब्यू भी इसी मैदान पर किया था।

🔗 https://x.com/cricketcomau/status/1996492506242982252?s=20

इस उपलब्धि के साथ उन्होंने वसीम अकरम (414 विकेट, 104 टेस्ट) को पीछे छोड़ दिया, जिन्हें दुनिया के सबसे महान लेफ़्ट-आर्म पेसर के रूप में जाना जाता है।

स्टार्क ने यह उपलब्धि अपने 102वें टेस्ट में हासिल की, जिसमें उन्होंने पहले ऐशेज़ टेस्ट की पहली पारी में करियर-बेस्ट 7/58 भी दर्ज किए थे।

अब स्टार्क के पास मौका है कि वह इस पिंक-बॉल टेस्ट में हरभजन सिंह (417) और शॉन पोलॉक (421) को भी पीछे छोड़ दें, जो वर्तमान में ऑल-टाइम विकेट-टेकर सूची में 16वें और 15वें स्थान पर हैं।

इसके बाद उनका अगला निशाना न्यूजीलैंड के दिग्गज रिचर्ड हेडली (431 विकेट) होंगे।