
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना और म्यूज़िक कंपोज़र पलाश मुच्छल की शादी रविवार को सांगली में होनी थी, लेकिन स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना की अचानक तबीयत खराब होने के कारण शादी अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई है।
स्मृति का अपने पिता से बेहद भावनात्मक लगाव है। उनके पिता ने हमेशा ही उनके क्रिकेट करियर में सबसे बड़ा सहारा बनकर उनका हौसला बढ़ाया है।
स्मृति के मैनेजर तुषार मिश्रा के अनुसार, रविवार सुबह स्मृति के पिता को नाश्ते के दौरान ही तबीयत में परेशानी महसूस हुई।
पीटीआई को दिए बयान में मिश्रा ने कहा— “स्मृति के पिता श्रीनिवास मंधाना नाश्ता कर रहे थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। हम इंतज़ार कर रहे थे कि वे ठीक हो जाएँ, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसलिए जोखिम न लेते हुए एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वे फिलहाल ऑब्ज़र्वेशन में हैं।”
मिश्रा ने बताया कि स्मृति ने अपने पिता की हालत के कारण शादी को फिलहाल टालने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा— “स्मृति अपने पिता के बेहद करीब है। इसलिए उसने तय किया है कि शादी तभी होगी जब उसके पिता बिल्कुल ठीक हो जाएँगे। डॉक्टर ने कहा है कि अभी उन्हें अस्पताल में ही रहना होगा। हम सब बहुत सदमे में हैं और उम्मीद करते हैं कि वे जल्दी ठीक हों, क्योंकि यह पूरा परिवार के लिए बड़ा अवसर था।”
“स्मृति चाहती है कि पहले उसके पिता स्वस्थ हो जाएँ, उसके बाद ही शादी होगी। मैं चाहूँगा कि परिवार की प्राइवेसी का सम्मान किया जाए।” — मिश्रा
परिवार के चिकित्सक डॉ. नमन शाह ने भी स्थिति की पुष्टि करते हुए बताया—
“लगभग 1:30 बजे श्रीनिवास मंधाना को बाईं तरफ सीने में दर्द हुआ, जिसे मेडिकल भाषा में एंजाइना कहते हैं।
एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल लाया गया। ईसीजी और अन्य रिपोर्ट में पता चला कि कार्डियक एंज़ाइम्स बढ़े हुए हैं, इसलिए उन्हें ऑब्ज़र्वेशन में रखा गया है।
ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ है, उसे नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। यदि स्थिति बिगड़ती है तो एंजियोग्राफी करनी पड़ेगी।”
उन्होंने आगे कहा— “स्मृति और उनका परिवार लगातार हमारे संपर्क में है। उम्मीद है कि वे कल तक स्थिर हो जाएंगे।”
सांगली में, जहां विवाह समारोह होना था, पूरे हफ्ते से उत्सव चल रहा था और तैयारियां ज़ोरों पर थीं।








