
ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या, जो इस समय क्वाड्रिसेप्स इंजरी से उबर रहे हैं, 30 नवंबर से शुरू हो रही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज़ में खेलने की संभावना कम है। अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप को प्राथमिकता देते हुए, हार्दिक अभी केवल सबसे छोटे फ़ॉर्मेट पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
हार्दिक को यह चोट सितंबर में दुबई में हुए एशिया कप टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान लगी थी, जिसके बाद वह आख़िरी मैच नहीं खेल सके थे।
टीम इंडिया के तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को भी वनडे सीरीज़ से आराम दिए जाने की उम्मीद है। टी20 वर्ल्ड कप के मद्देनज़र मुख्य गेंदबाज़ों के वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है।
एक BCCI सूत्र ने पीटीआई को बताया, “हार्दिक इस समय अपनी क्वाड्रिसेप्स इंजरी से अच्छी तरह रिकवर कर रहे हैं। वह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में RTP (रिटर्न टू प्ले) की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। क्वाड इंजरी के बाद सीधे 50 ओवर खेलना जोखिम भरा होगा, इसलिए टी20 वर्ल्ड कप तक हार्दिक और मेडिकल टीम टी20 फ़ॉर्मेट पर ही ध्यान देंगे।”
हार्दिक के दक्षिण अफ्रीका और न्यूज़ीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज़ में खेलने की उम्मीद है, बशर्ते वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बड़ौदा के लिए खेलते हुए अपनी फिटनेस साबित कर दें।
टी20 वर्ल्ड कप तक 50 ओवर के क्रिकेट को उतनी प्राथमिकता नहीं दी जा रही है, हालांकि न्यूज़ीलैंड के खिलाफ तीन वनडे भी निर्धारित हैं। अगले IPL के बाद सीनियर खिलाड़ियों का फोकस 2027 ODI वर्ल्ड कप साइकिल पर शिफ्ट हो जाएगा।








