आयरलैंड और इंग्लैंड टी20 दौरे से पहले तिलक वर्मा का धमाका, 56 गेंदों में ठोके नाबाद 136 रन!

भारत के टी20 उपकप्तान तिलक वर्मा ने आयरलैंड और इंग्लैंड के आगामी टी20 दौरे से पहले शानदार फॉर्म का प्रदर्शन करते हुए हैदराबाद में खेले गए टीजी20 टूर्नामेंट में 56 गेंदों पर नाबाद 136 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत मेडक फाल्कंस ने वारंगल वॉरियर्स को तीन विकेट से हरा दिया।

259 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए तिलक ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की और टीम की रन गति बनाए रखी। फाल्कंस ने चौथे ओवर में ही 50 रन पूरे कर लिए। तिलक ने सिर्फ 22 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया और अपनी टीम को आठ ओवर में 100 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

इसके बाद तिलक ने सिर्फ 42 गेंदों में शतक पूरा किया। जब आखिरी पांच ओवरों में टीम को 65 रन की जरूरत थी, तब उन्होंने विक्रम के साथ 58 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और फाल्कंस की उम्मीदें जीवित रखीं।

हालांकि अंतिम दो ओवर में 20 रन की जरूरत के समय विक्रम 27 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन तिलक अंत तक डटे रहे और टीम को जीत दिलाकर ही लौटे।

अपनी विस्फोटक पारी में तिलक वर्मा ने 14 चौके और 8 छक्के लगाए।

इससे पहले वारंगल वॉरियर्स के कप्तान और हैदराबाद के युवा बल्लेबाज अमन राव पेराला ने भी शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों में शतक पूरा करते हुए 48 गेंदों पर 142 रन बनाए और अपनी टीम को 259 रन के बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

तिलक वर्मा इस टूर्नामेंट में केवल यही मैच खेलेंगे, क्योंकि अब वह जल्द ही भारतीय टीम से जुड़ने के लिए आयरलैंड रवाना होंगे। भारत और आयरलैंड के बीच टी20 श्रृंखला 26 जून से शुरू होगी।