सुनील गावस्कर इस दौर में होते तो सबसे बेहतरीन T20 बल्लेबाज़ होते: कपिल देव

भारत को पहला विश्व कप दिलाने वाले कप्तान कपिल देव का मानना है कि ‘लिटिल मास्टर’ सुनील गावस्कर अगर मौजूदा दौर में खेलते, तो वह T20 क्रिकेट के भी सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ साबित होते।

“मुझे क्रिकेट का हर फॉर्मेट पसंद है — T20, T10, वनडे, सब कुछ। मैं हमेशा एक बात कहता हूं। लोग सुनील गावस्कर की बात करते हैं, और मैं कहता हूं कि अगर वह इस दौर में खेलते, तो T20 में भी सबसे बेहतरीन खिलाड़ी होते।

जिन खिलाड़ियों की डिफेंस मजबूत होती है, उनके लिए बड़े शॉट खेलना कहीं आसान होता है। डिफेंस करना सबसे मुश्किल होता है। इसलिए मैं हमेशा कहता हूं, याद रखिए कि जिस खिलाड़ी की डिफेंस शानदार होती है, वह कभी भी आक्रामक खेल सकता है, क्योंकि उसके पास अतिरिक्त समय होता है,” कपिल ने गुरुवार को कोलकाता में इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स के ICC शताब्दी सत्र में कहा।

अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कपिल ने कहा,
“मुझे ब्लॉक करना भी नहीं आता था। मैंने पहले भी कहा है कि बिशन बेदी पाजी ने मुझे नाइट वॉचमैन के तौर पर भेजा था। मैं बिल्कुल नया खिलाड़ी था, क्रिकेट के बारे में ज़्यादा कुछ नहीं जानता था।”

कोलकाता की क्रिकेट संस्कृति की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, “कोलकाता की भीड़ सबसे ज्यादा जानकार है। मुझे लगता है कि कलकत्ता के लोग क्रिकेट को बाकी जगहों के लोगों से बेहतर समझते हैं।”

भारत की ऐतिहासिक 1983 विश्व कप जीत को याद करते हुए कपिल देव ने इसका श्रेय अपने पंजाबी जज़्बे और विश्वास को दिया।

“पंजाबी लोग थोड़े पागल होते हैं… वे दिमाग में एक लक्ष्य तय कर लेते हैं।

यह मेरा विश्वास था… जब टीम विश्वास करने लगती है, तो सब कुछ बदल जाता है। कप्तान हमेशा थोड़ा पागल होता है; किसी कंपनी का चेयरमैन या CEO भी पागल होता है। वह ऐसा लक्ष्य देता है, लेकिन वह तभी पूरा होता है जब पूरी टीम उस पर विश्वास करने लगे। मुझे लगता है कि टूर्नामेंट के बीच में ही टीम को विश्वास हो गया था कि हां, हम जीत सकते हैं।”

इस सत्र में मौजूद भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने हाल ही में भारत की घरेलू ज़मीन पर विश्व खिताब जीतने के अनुभव को साझा किया।

“वह एक शांत लेकिन बेहद भावुक पल था, जब उस कप पर ‘इंडिया’ लिखा हुआ देखा। क्योंकि हर बार जब आप फाइनल के लिए क्वालीफाई करते हैं और ट्रॉफी के साथ फोटोशूट होता है, तो वहां सिर्फ ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूज़ीलैंड लिखा दिखता था।

मैं वहां दो बार रही हूं। हर बार यही लगता था कि कब ‘इंडिया’ वहां लिखा होगा, और आखिरकार वह पल आ ही गया। जब दर्शकों की ज़ोरदार आवाज़ गूंजी, तब मुझे समझ आया कि हम सच में जीत गए हैं। अपने देश में जीतना बहुत बड़ी बात होती है।”