
एमएस धोनी ने इस सीज़न चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक भी मैच नहीं खेला, लेकिन मैच के दिन पर पहली बार स्टेडियम में उनकी मौजूदगी देखने को मिली। सनराइजर्स हैदराबाद से 5 विकेट की हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में CSK कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने धोनी की टीम में भूमिका पर खुलकर बात की। CSK अब लगातार तीसरे सीज़न प्लेऑफ में पहुंचने से चूकने की कगार पर है।
फ्लेमिंग और धोनी 2008 में IPL शुरू होने से ही CSK का हिस्सा रहे हैं। जब फ्लेमिंग से अगले सीज़न को लेकर दोनों के भविष्य पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में धोनी से कोई चर्चा नहीं हुई है।
फ्लेमिंग ने कहा, “नहीं, अभी हम इस सीज़न पर ध्यान दे रहे हैं।”
अपने भविष्य को लेकर फ्लेमिंग ने कहा कि यह फैसला टीम मैनेजमेंट का होगा। उन्होंने यह भी बताया कि भले ही धोनी ने इस सीज़न एक भी मैच नहीं खेला हो, लेकिन टीम पर उनका प्रभाव काफी बड़ा रहा है।
फ्लेमिंग ने कहा, “यह फैसला मैनेजमेंट का होगा। इस पर काफी बातें हो रही हैं, लेकिन एमएस इस साल टीम के साथ लगातार जुड़े रहे हैं, जो टीम और खासकर युवा खिलाड़ियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने मैच नहीं खेले, लेकिन टीम पर उनका असर बहुत बड़ा रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, “हमने इस सीज़न कई अच्छी चीजें की हैं। हमने कुछ नए खिलाड़ियों को मौका दिया है, जो भविष्य में CSK के लिए लंबे समय तक खेलने वाले खिलाड़ी बन सकते हैं। लेकिन हमें नतीजों से आंका जाता है और यह सही भी है। इसलिए फैसला मैनेजमेंट का होगा, मेरा नहीं।”
फ्लेमिंग ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ का भी समर्थन किया, हालांकि बल्लेबाज़ के तौर पर उनसे ज्यादा उम्मीद थी। रुतुराज ने इस सीज़न 13 पारियों में 321 रन बनाए, जिसमें सिर्फ दो अर्धशतक शामिल रहे और उनका स्ट्राइक रेट 145 से कम रहा।
फ्लेमिंग ने कहा, “मुझे लगता है रुतुराज और बेहतर कर सकते हैं। उन्होंने पहले भी शानदार प्रदर्शन किया है। इस सीज़न उन्होंने उतने रन और उतनी तेजी से रन नहीं बनाए जितना वह अपने करियर में करते आए हैं। यह ऐसी चीज है जिस पर वह काम करेंगे।”
उन्होंने कप्तान के रूप में भी रुतुराज का समर्थन किया और कहा कि नए खिलाड़ियों के साथ तालमेल बैठाने में समय लगता है।
फ्लेमिंग ने कहा, “इतने लंबे समय तक फ्रेंचाइज़ी को दुनिया के सबसे बेहतरीन कप्तानों में से एक (धोनी) ने संभाला हो, उसके बाद नए कप्तान के लिए यह आसान नहीं होता। इसमें थोड़ा समय लगेगा। लेकिन वह अच्छा काम कर रहे हैं। खिलाड़ियों के बीच उनकी काफी इज्जत है। वह लगातार सीख रहे हैं और आगे बढ़ रहे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में वह CSK के शानदार कप्तान साबित होंगे।”








