आईपीएल 2026: राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस से कहां हुई चूक!

पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने गुवाहाटी में खेले गए आईपीएल 2026 मैच में यंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की शानदार बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि राजस्थान रॉयल्स से 27 रन की हार के दौरान मुंबई इंडियंस में इरादे और जोश की कमी साफ नजर आई।

वैभव सूर्यवंशी की 14 गेंदों में 39 रन की तूफानी पारी और यशस्वी जायसवाल के नाबाद 77 रन की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 11 ओवर के इस बारिश से प्रभावित मैच में 150 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 123/9 पर सिमट गई, जहां उनका टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा। यह मुंबई की तीन मैचों में दूसरी हार थी, जबकि राजस्थान ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

कुंबले ने कहा, “ऐसा लगा कि मुंबई इंडियंस में गेंदबाजी के दौरान इरादे और उद्देश्य की कमी थी, और इसका असर बल्लेबाजी पर भी पड़ा। 11 ओवर में 151 रन बनाना हमेशा मुश्किल रहने वाला था।”

उन्होंने सूर्यवंशी की जमकर तारीफ करते हुए कहा,
“सूर्यवंशी ने दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक बुमराह के खिलाफ खेल को आसान बना दिया। पहली ही गेंद पर छक्का मारना और फिर गेंदबाज को सेट करना शानदार था। आमतौर पर हम बुमराह को बल्लेबाजों को सेट करते देखते हैं, लेकिन यहां सूर्यवंशी ने बुमराह को सेट किया।”

“तीसरी गेंद पर उन्होंने बुमराह से स्लोअर बॉल निकलवाई और पहले से तैयार होकर उसे भी छक्का जड़ दिया। यह बेहतरीन बल्लेबाजी थी।”

कुंबले ने आगे कहा कि सूर्यवंशी की स्ट्राइक रेट और निरंतरता शानदार है, “वह हर मैच में लगभग 300 की स्ट्राइक रेट से खेल रहे हैं और लगातार 30 से ज्यादा रन बना रहे हैं, जो कमाल की बात है।”

उन्होंने राजस्थान के गेंदबाजों की भी तारीफ की और कहा कि उनकी आक्रामकता और गति ने मुंबई को लगातार दबाव में रखा।

“राजस्थान के गेंदबाजों में स्पष्ट इरादा दिखा। वे पिच पर जोर से गेंद डाल रहे थे। उनके पास गति भी है और उन्होंने गति में बदलाव भी सही समय पर किया।”

“संदीप शर्मा ने एक बार फिर अपनी विश्वसनीयता साबित की और रोहित शर्मा के लिए फिर मुश्किल बन गए।”

वहीं दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर फाफ डु प्लेसिस ने भी माना कि राजस्थान रॉयल्स हर विभाग में मुंबई इंडियंस से बेहतर रही।

उन्होंने कहा, “यह राजस्थान का शानदार प्रदर्शन था। उन्होंने कोई गलती नहीं की। तीनों विभागों में वे मुंबई से बेहतर थे। उनकी गेंदबाजी और ओपनिंग साझेदारी दोनों ही देखने लायक थे।”

“ऊपर के दोनों युवा बल्लेबाज इस आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और टूर्नामेंट में छाए हुए हैं।”