
भारतीय स्पिन दिग्गज अनिल कुंबले ने वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाज़ी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने मौजूदा आईपीएल में युवा और निडर खिलाड़ी की लगातार शानदार प्रदर्शन करने की क्षमता की सराहना की।
राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच क्वालिफायर 2 मुकाबले से पहले ही वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ बन चुके थे। उन्होंने 65 छक्कों के साथ वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल का 2012 से चला आ रहा 59 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
15 वर्षीय वैभव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर 2 से पहले तक राजस्थान रॉयल्स के लिए सिर्फ 15 पारियों में 680 रन बनाए थे और वह ऑरेंज कैप होल्डर भी हैं। इसके अलावा उन्होंने एक टी20 सीरीज में किसी युवा खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
जियोहॉटस्टार के गेम प्लान शो में कुंबले ने कहा, “वैभव सूर्यवंशी ऑरेंज कैप होल्डर हैं, और यह सिर्फ एक-दो मैच या कुछ टीमों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके नहीं होता। उन्होंने पिछले दो महीनों में लगातार ऐसा किया है और यह इस युवा खिलाड़ी के बारे में बहुत कुछ बताता है।”
उन्होंने आगे कहा, “यह सिर्फ मैदान पर जाकर कुछ छक्के लगाने की बात नहीं है, हालांकि अब वह सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ हैं।”
कुंबले के मुताबिक, वैभव के इस शानदार सीजन ने उनके ओपनिंग पार्टनर यशस्वी जायसवाल पर भी दबाव बढ़ा दिया है, जिनका प्रदर्शन इस सीजन में उनके स्तर के मुताबिक थोड़ा फीका रहा है।
क्वालिफायर 2 से पहले तक जायसवाल ने 15 मैचों में 32.77 की औसत और 153.24 के स्ट्राइक रेट से 426 रन बनाए थे।
कुंबले ने कहा, “गेंदबाज़ों ने यशस्वी के खिलाफ अच्छी गेंदबाज़ी की है, लेकिन फिर भी उन पर दबाव रहेगा। कुछ साल पहले जो सारी लाइमलाइट यशस्वी जायसवाल पर थी, वह अब भी है, लेकिन अब सिर्फ 15 साल का एक लड़का आया है जिसने पूरी दुनिया में तहलका मचा दिया है।”
उन्होंने आगे कहा, “एसआरएच के खिलाफ मैच में भी उनकी साझेदारी शानदार थी। दोनों ने लगभग आठ ओवर में करीब 120 रन जोड़े, लेकिन ज्यादातर रन सूर्यवंशी ने बनाए। यशस्वी जरूर निराश होंगे कि इतनी अच्छी विकेट पर उन्होंने रन-ए-बॉल की गति से बल्लेबाज़ी की।”








