आईपीएल 2026: एमएस धोनी की मास्टरस्ट्रोक से नूर अहमद ने केकेआर के खिलाफ दिखाया जीत का जादू!

चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज एमएस धोनी के साथ नेट्स में हुई लंबी बातचीत ने स्पिनर नूर अहमद के शानदार प्रदर्शन में अहम भूमिका निभाई।

अफगानिस्तान के इस लेफ्ट-आर्म रिस्ट स्पिनर ने मैच में 4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट झटके। उन्होंने मिडिल ओवर्स में अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह और कैमरून ग्रीन को आउट कर CSK को 32 रन से जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई।

इससे पहले नूर ने चार मैचों में सिर्फ एक विकेट लिया था और इस टूर्नामेंट में खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे। लेकिन इस मैच में उन्होंने ऐसी पिच पर भी बल्लेबाज़ों को परेशान किया, जहां ज्यादा मदद नहीं मिल रही थी। उन्होंने तेज़ गति से गेंद डालते हुए ग्रीन को बोल्ड किया, जो गेंद को सही से खेल नहीं पाए।

CSK के असिस्टेंट कोच श्रीधरन श्रीराम ने मैच के बाद बताया कि नूर की तैयारी और धोनी के साथ उनकी बातचीत काफी फायदेमंद रही। धोनी इस सीजन अभी तक नहीं खेले हैं क्योंकि वह पिंडली (काफ) की चोट से जूझ रहे हैं।

श्रीराम ने कहा, “आज विकेट ने थोड़ा साथ दिया, जबकि बाकी मैचों में पिच काफी फ्लैट थी। आज नूर ने हवा में थोड़ी धीमी गेंदबाज़ी की, ज्यादा साइड स्पिन दी और गेंद में अच्छा ड्रॉप था। वह इसी पर काम कर रहे थे।”

उन्होंने आगे बताया, “एमएस ने भी प्रैक्टिस सेशन में उनसे लंबी बातचीत की थी और उन्हें ज्यादा लेग ब्रेक डालने के लिए कहा था। इसका फायदा आज साफ दिखा।”

श्रीराम ने यह भी कहा कि स्पिनरों के लिए पिच से टर्न हासिल करना बहुत जरूरी होता है।

“अगर गेंद पिच से टर्न लेती है तो बल्लेबाज़ों से गलती करवाना आसान हो जाता है। अगर आप डिफेंसिव हो जाते हैं, तो बल्लेबाज़ हावी हो जाते हैं।”

उन्होंने नूर और वेस्टइंडीज के गेंदबाज़ अकील होसेन के बीच तालमेल की भी तारीफ की।
“दोनों के बीच बहुत अच्छी समझ है। मैच के दौरान अकील ने नूर को सही लेंथ के बारे में बताया। शुरुआत में नूर की गेंद थोड़ी छोटी या फुल थी, लेकिन जब उन्होंने सही लेंथ पकड़ ली, तो उन्हें खेलना लगभग नामुमकिन हो गया।”

श्रीराम ने बताया कि स्ट्रेटेजिक टाइमआउट के दौरान भी अकील ने नूर को समझाया कि कौन-सी लेंथ पर गेंद रुक रही है, जिससे बल्लेबाज़ों के लिए सीधे शॉट खेलना मुश्किल हो गया।

इस तरह, धोनी की सलाह और टीम के अंदर बेहतर तालमेल ने नूर अहमद को मैच विनर बना दिया।