
पाकिस्तानी तेज़ गेंदबाज़ हरिस रऊफ पर पिछले रविवार को भारत के ख़िलाफ़ खेले गए एशिया कप सुपर-4 मुकाबले के दौरान अभद्र और आक्रामक व्यवहार करने के लिए उनकी मैच फीस का 30% जुर्माना लगाया गया है।
हालाँकि, उनके साथी साहिबज़ादा फ़रहान को इतनी सज़ा नहीं मिली। मैच में अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने खुलेआम “गनशॉट” वाले अंदाज़ में सेलिब्रेट किया था, जिसके लिए उन्हें सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
एक टूर्नामेंट सूत्र ने पीटीआई को नाम न छापने की शर्त पर बताया – “मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने शुक्रवार दोपहर टीम होटल में सुनवाई पूरी की। हरिस रऊफ पर आक्रामक बर्ताव के लिए 30% मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है, जबकि फ़रहान को चेतावनी दी गई है।”
सूत्रों के मुताबिक, रऊफ और फ़रहान ने भारत के ख़िलाफ़ मैच में उकसाने वाले व्यवहार के आरोपों पर आईसीसी सुनवाई में पहले ही खुद को निर्दोष बताया था।
मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने दुबई स्थित पाकिस्तान टीम होटल में सुनवाई की। दोनों खिलाड़ी लिखित जवाब देने के अलावा व्यक्तिगत रूप से पेश हुए, उनके साथ टीम मैनेजर नवीद अक़राम चीमा भी मौजूद थे।
बुधवार को दर्ज की गई आधिकारिक शिकायत में बीसीसीआई ने दोनों खिलाड़ियों पर अनुचित इशारे करने का आरोप लगाया था।
भारतीय पक्ष को भी फ़रहान का अर्धशतक पूरा करने के बाद किया गया गनशॉट-सेलिब्रेशन अपमानजनक लगा, जबकि हरिस रऊफ ने स्टैंड्स में मौजूद भारतीय फैंस का मज़ाक उड़ाते हुए गिरते हवाई जहाज़ जैसी हरकत की थी।
रविवार को एशिया कप फाइनल में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे।








