सूर्यकुमार यादव बने MLB के भारत अभियान का बड़ा चेहरा!

मेजर लीग बेसबॉल (MLB) ने बुधवार को घोषणा की कि उसने भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के साथ साझेदारी की है। इसका उद्देश्य भारत के खेल प्रेमियों तक अमेरिका के लोकप्रिय खेल बेसबॉल को पहुंचाना है।

2026 टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव MLB एम्बेसडर के रूप में भारत और अमेरिका दोनों जगह कई गतिविधियों और प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनेंगे। इस अभियान के जरिए बेसबॉल और क्रिकेट के बीच बल्ले और गेंद से आगे के संबंधों को दिखाया जाएगा।

सूर्यकुमार यादव 10 से 14 जुलाई तक फिलाडेल्फिया में होने वाले MLB ऑल-स्टार वीक में मौजूद रहेंगे।

सूर्यकुमार ने कहा, “मैं मेजर लीग बेसबॉल के साथ जुड़कर और भारत में इसके सफर का हिस्सा बनकर उत्साहित हूं। मैं खुद इस खेल के बारे में और जानने के लिए उत्सुक हूं और ज्यादा से ज्यादा फैंस को बेसबॉल की ऊर्जा, रोमांच और संस्कृति से जोड़ने में मदद करना चाहता हूं, जो इसे खास बनाती है।”

MLB ने यह भी बताया कि सूर्यकुमार भारतीय खेल प्रशंसकों को ध्यान में रखते हुए कई तरह का कंटेंट भी पेश करेंगे।

सूर्यकुमार की कप्तानी में भारतीय टीम ने मार्च में क्रिकेट इतिहास रचा था, जब उन्होंने न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार पुरुष टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनने की उपलब्धि हासिल की थी।