
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को बुधवार को चेस्टर-ले-स्ट्रीट में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भी अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली। इसके साथ ही उनके सीनियर भारतीय टीम के डेब्यू का इंतजार और लंबा हो गया।
भारतीय टीम प्रबंधन ने एक बार फिर अपनी विश्व कप विजेता ओपनिंग तिकड़ी संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन पर भरोसा जताया। हालांकि, भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर का मानना है कि वैभव के डेब्यू में लगातार देरी करना उनके लिए आगे चलकर ज्यादा दबाव पैदा कर सकता है।
रिकॉर्डतोड़ आईपीएल सीजन के बाद वैभव को पहली बार भारतीय टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 मुकाबलों में भी मौका नहीं मिला। गावस्कर का कहना है कि जितनी देर उनके डेब्यू में होगी, उतनी ही ज्यादा उनसे उम्मीदें बढ़ती जाएंगी।
उन्होंने सोनी स्पोर्ट्स पर कहा, “जब भी वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलेगा, तब उस पर और ज्यादा दबाव होगा। लेकिन 15 साल की उम्र में खिलाड़ी दबाव के बारे में ज्यादा नहीं सोचते। उसे पता है कि अगर दूसरे या तीसरे मैच में मौका मिला, तो उसे तुरंत अच्छा प्रदर्शन करना होगा।”
हालांकि, गावस्कर का मानना है कि वैभव की कम उम्र उनके लिए फायदे का सौदा भी साबित हो सकती है, क्योंकि उन्हें भारतीय टीम के अनुभवी खिलाड़ियों से काफी कुछ सीखने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने आगे कहा, “वह टीम के माहौल का आनंद ले रहा होगा। इस भारतीय टीम में कई बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उनके साथ रहकर सीखना उसके लिए शानदार अनुभव है।”
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में अप्रत्याशित हार के बावजूद भारतीय टीम प्रबंधन ने अपनी आजमाई हुई ओपनिंग जोड़ी में कोई बदलाव नहीं किया। यही वजह रही कि वैभव को एक बार फिर इंतजार करना पड़ा, जबकि सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन पर दोबारा भरोसा जताया गया।
हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी20 मुकाबला भी बारिश की भेंट चढ़ गया और इंग्लैंड अपनी पारी शुरू करने से पहले ही मैच रद्द कर दिया गया। ऐसे में अब सभी की नजरें अगले मुकाबले पर होंगी कि क्या वैभव सूर्यवंशी को आखिरकार भारत की ओर से डेब्यू करने का मौका मिलता है या नहीं।







