
तीन साल पहले जब लियोनेल मेसी मियामी पहुंचे थे, तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि वह अपने छठे फीफा वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना के खिताब बचाने के अभियान की अगुआई करेंगे और नए रिकॉर्ड भी बनाएंगे।
ग्रुप चरण में छह गोल करने वाले 39 वर्षीय मेसी शुक्रवार को राउंड ऑफ 16 में टूर्नामेंट की सबसे बड़ी सरप्राइज टीम केप वर्डे के खिलाफ मैदान में उतरेंगे। यह मुकाबला मियामी में खेला जाएगा, जिसे अब मेसी अपना दूसरा घर मानते हैं।
मेसी इस समय वर्ल्ड कप में लगातार सात मैचों में गोल करने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। इसके साथ ही वह 19 गोल के साथ फीफा वर्ल्ड कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं।
कतर वर्ल्ड कप जीतने के बाद जब आठ बार के बैलन डी’ओर विजेता मेसी ने यूरोपीय फुटबॉल छोड़कर मेजर लीग सॉकर (MLS) की टीम इंटर मियामी का रुख किया था, तब कई लोगों को लगा था कि उनका करियर अब ढलान पर है।
लेकिन मेसी ने अपनी शानदार फिटनेस और प्रदर्शन से सभी को गलत साबित कर दिया। उन्होंने न सिर्फ अमेरिकी फुटबॉल पर गहरा प्रभाव डाला, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार जीत दिलाना जारी रखा।
डेविड बेकहम की सह-मालिकाना वाली इंटर मियामी, जिसकी स्थापना 2018 में हुई थी, मेसी के आने से पहले कोई बड़ा खिताब नहीं जीत सकी थी। लेकिन मेसी के जुड़ते ही यह क्लब यूरोप के कई स्टार खिलाड़ियों की पसंदीदा मंजिल बन गया।
अपने पहले ही सीजन में मेसी ने पूर्व बार्सिलोना साथी जॉर्डी अल्बा और सर्जियो बुस्केट्स के साथ मिलकर इंटर मियामी को लीग्स कप का खिताब जिताया। इसके बाद पिछले साल उन्होंने टीम को उसका पहला MLS चैंपियनशिप भी दिलाया।
मेसी का प्रभाव सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने अमेरिका में फुटबॉल की लोकप्रियता भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दी है।
मियामी के पास डोरल स्थित रेवो सॉकर अकादमी के कोच जुआन पुगिन ने एएफपी से कहा, “मेसी ने यहां फुटबॉल की तस्वीर ही बदल दी है। 2023 के बाद से हर कोई इंटर मियामी का फैन बन गया। हमारी अकादमी में भी इसका बड़ा असर देखने को मिला है। अब पहले से कहीं ज्यादा बच्चे फुटबॉल सीखने के लिए नामांकन करा रहे हैं।”







