
आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल का मानना है कि दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बाजार भारत में बिग बैश लीग (BBL) की शुरुआत करने का क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का फैसला पूरी तरह तार्किक है।
खेल के सबसे बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचने के प्रयास में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस साल दिसंबर में चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में बीबीएल के उद्घाटन मैच के आयोजन की योजना बनाई है।
धूमल ने कहा कि विश्व क्रिकेट में भारत की मजबूत स्थिति को देखते हुए विदेशी लीगों के लिए यहां विस्तार करना स्वाभाविक है।
उन्होंने पीटीआई वीडियो से कहा, “भारत दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट बाजार है। इसलिए निश्चित रूप से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इसका लाभ उठाना चाहेगा।”
उन्होंने आगे कहा, “हम उन्हें इस सीजन के बिग बैश के उद्घाटन मैच के लिए शुभकामनाएं देते हैं।”
अरुण धूमल का मानना है कि यह फैसला ऐसे समय में आया है जब क्रिकेट 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक के जरिए ओलंपिक खेलों में वापसी करने जा रहा है, जो खेल के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने कहा, “भारत विश्व क्रिकेट का नेतृत्व कर रहा है और उसके पास वैश्विक क्रिकेट के विकास में योगदान देने की अपार संभावनाएं हैं।”
धूमल ने आगे कहा, “अब जब क्रिकेट ओलंपिक का हिस्सा बनने जा रहा है, तो यह खेल के लिए बहुत अच्छा संकेत है। इससे क्रिकेट की वैश्विक पहुंच दुनिया के हर कोने तक बढ़ेगी।”
धूमल का मानना है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बीबीएल को भारत लाने से पहले इसके व्यावसायिक और खेल संबंधी सभी पहलुओं का गहराई से अध्ययन किया होगा।
उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि उन्होंने सभी पहलुओं पर गणना की होगी और उन्हें उम्मीद है कि इससे उनके घरेलू टूर्नामेंट को अच्छा बढ़ावा मिलेगा।”
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की यह पहल बीबीएल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक लोकप्रिय बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है, खासकर ऐसे समय में जब भारत वैश्विक क्रिकेट का सबसे प्रभावशाली केंद्र बना हुआ है।








