
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी खेल की मौजूदा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन से चार और पूर्व टेस्ट तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों को सलाहकार पैनल में शामिल करना चाहते हैं।
लाहौर में मीडिया से बातचीत करते हुए नकवी ने कहा कि वह अपने सलाहकार समूह में अधिक पूर्व खिलाड़ियों को जोड़ना चाहते हैं, क्योंकि उनका मानना है कि क्रिकेट से जुड़े ज्यादा अनुभवी दिमाग बेहतर फैसले लेने में मदद करेंगे। फिलहाल इस पैनल में तीन पूर्व दिग्गज शामिल हैं।
नकवी ने कहा, “मैं इस संबंध में कुछ पूर्व खिलाड़ियों से मुलाकात कर रहा हूं। मेरा मानना है कि क्रिकेट से जुड़े मामलों पर फैसला उन्हीं लोगों को लेना चाहिए जिनके पास खेल का व्यापक अनुभव और ज्ञान हो।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह सलाहकार समिति को पूरी स्वतंत्रता देना चाहते हैं।
नकवी ने कहा, “मैं चाहता हूं कि ये क्रिकेट विशेषज्ञ राष्ट्रीय टीमों, घरेलू क्रिकेट और अन्य क्रिकेट संबंधी मुद्दों पर फैसले लें।”
वर्तमान में पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक और सरफराज अहमद उनके सलाहकार हैं। वहीं खबरें हैं कि पूर्व कप्तान यूनिस खान और मोहम्मद हफीज को भी पीसीबी अध्यक्ष की ओर से पैनल में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया है।
नकवी ने कहा कि पीसीबी अध्यक्ष के रूप में उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी बोर्ड और पाकिस्तान क्रिकेट की वित्तीय मजबूती सुनिश्चित करना है, न कि क्रिकेट मामलों में हस्तक्षेप करना।
उन्होंने कहा, “हम कई पूर्व क्रिकेटरों के संपर्क में हैं। जब तीन की जगह छह या सात लोग होंगे तो स्वाभाविक रूप से फैसले भी बेहतर होंगे।”
नकवी ने स्पष्ट किया कि टीम नेतृत्व और अन्य महत्वपूर्ण क्रिकेट मामलों पर भी यही विशेषज्ञ फैसला करेंगे।
उन्होंने कहा, “मैं सुझाव दे सकता हूं, लेकिन कई बार मेरे सुझाव नहीं भी माने जाएंगे। मुझे उन पर भरोसा करना होगा।”
इसके अलावा नकवी ने खिलाड़ियों के केंद्रीय अनुबंध (सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट) को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि बोर्ड नए कॉन्ट्रैक्ट ढांचे पर काम कर रहा है और इस बात पर सभी सहमत हैं कि खिलाड़ियों को केंद्रीय अनुबंध पाने के लिए सभी प्रारूपों में घरेलू क्रिकेट खेलना होगा।
नकवी ने कहा, “हम नए कॉन्ट्रैक्ट फॉर्मेट पर काम कर रहे हैं और सभी की राय है कि हर खिलाड़ी को सभी फॉर्मेट में घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लेना चाहिए।”








