
स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर निखिल चौधरी को गुरुवार को बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम में शामिल किया गया। इसके साथ ही वह 60 से अधिक वर्षों में ऑस्ट्रेलिया की पुरुष क्रिकेट टीम के लिए चुने जाने वाले पहले भारत में जन्मे खिलाड़ी बन गए हैं।
तीन मैचों की यह टी20 सीरीज 17 जून से 21 जून तक चटगांव में खेली जाएगी।
सिडनी में स्थायी निवास रखने वाले निखिल चौधरी ने 2026 इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अलावा उन्होंने बेल्जियम में आयोजित EUT20 टूर्नामेंट में जेबी ब्रूज के लिए भी खेला था।
वह शुक्रवार को ढाका में ऑस्ट्रेलिया की व्हाइट-बॉल टीम से जुड़ेंगे।
चयनकर्ता टोनी डोडेमेड ने क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू से कहा, “चयन समिति निखिल के बीबीएल प्रदर्शन से काफी प्रभावित हुई है, खासकर पिछले सीजन में। यही कारण है कि उन्हें टीम में शामिल किया गया है।”
उन्होंने आगे कहा, “निखिल को बांग्लादेश दौरे पर अमूल्य अनुभव मिलेगा और अगले सप्ताह होने वाले पहले टी20 मुकाबले के लिए टीम चयन के दौरान वह ऑस्ट्रेलिया के लिए पदार्पण करने की दौड़ में रहेंगे।”
क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू की रिपोर्ट के अनुसार, “ऑस्ट्रेलिया के लिए पहले भी भारतीय मूल के खिलाड़ी जैसे गुरिंदर संधू और तनवीर संघा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं, लेकिन 1960 के दशक के बाद पहली बार भारत में जन्मा कोई पुरुष खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम के लिए चुना गया है।”
इससे पहले गुजरात में जन्मे लेग स्पिनर रेक्स सेलर्स ने 1964 के कोलकाता टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया था।
महिला क्रिकेट में पुणे में जन्मीं लीसा स्थालेकर ऑस्ट्रेलिया की महान खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं। उन्होंने 2003 से 2013 तक ऑस्ट्रेलिया के लिए विभिन्न प्रारूपों में क्रिकेट खेला था।
30 वर्षीय निखिल चौधरी अभी ऑस्ट्रेलियाई नागरिक नहीं हैं, लेकिन वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के पात्रता नियमों को पूरा करते हैं और इसलिए ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलने के योग्य हैं।
दिल्ली में जन्मे निखिल ने भारत में पंजाब के लिए 14 लिस्ट-ए मैच खेले थे। 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान वह क्वींसलैंड में अपने चाचा के पास गए थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण वहीं फंस गए। बाद में उन्होंने सिडनी में डाकिया सहित कई छोटे-मोटे काम किए।
इसके बाद पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जेम्स होप्स की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने निखिल को स्थानीय क्रिकेट में अवसर दिलाने में मदद की।
क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू के अनुसार, “होबार्ट को बीबीएल-14 खिताब दिलाने में मदद करने के बाद, पिछले सीजन में निखिल ने बल्ले से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने 30.70 की औसत और 153 के स्ट्राइक रेट से 307 रन बनाए। हालांकि, रेहान अहमद और रिशाद हुसैन जैसे अन्य रिस्ट स्पिनरों की मौजूदगी के कारण गेंदबाजी में उनकी भूमिका कुछ सीमित रही।”
ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीम:
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, निखिल चौधरी, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, आरोन हार्डी, ट्रैविस हेड, जोश इंगलिस, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू कुहनेमैन, राइली मेरेडिथ, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ और एडम ज़म्पा।








