
महान बल्लेबाज़ राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ को गुरुवार को श्रीलंका दौरे के लिए भारत की अंडर-19 टीम में शामिल किया गया।
बीसीसीआई की जूनियर क्रिकेट समिति ने श्रीलंका के आगामी दौरे के लिए भारत पुरुष अंडर-19 टीमों का चयन किया है। यह दौरा 4 जुलाई से शुरू होगा, जिसमें दो मल्टी-डे मैच और तीन एकदिवसीय मुकाबले खेले जाएंगे।
यशबर्धन सिंह चौहान को वनडे और मल्टी-डे दोनों टीमों का कप्तान बनाया गया है, जबकि लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे।
मल्टी-डे टीम में मानव कृष्णा और आर्यन संदेश सकपाल को विकेटकीपर के रूप में चुना गया है, जबकि वनडे टीम में अन्वय द्रविड़ और रजत बघेल विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
17 वर्षीय अन्वय ने हाल ही में वीनू मांकड़ ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने कर्नाटक अंडर-19 टीम की कप्तानी करते हुए टीम को क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाया और छह मैचों में 220 रन बनाए, जिसमें नाबाद 82 रन की पारी भी शामिल थी।
अन्वय ने बेंगलुरु में आयोजित त्रिकोणीय श्रृंखला में भारत अंडर-19 बी, अफगानिस्तान अंडर-19 और इंडिया ए टीमों के साथ भी हिस्सा लिया था।
घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें अंडर-19 वनडे चैलेंजर ट्रॉफी में टीम सी के लिए भी चुना गया था।
गौरतलब है कि राहुल द्रविड़ के बड़े बेटे समित द्रविड़ को 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू द्विपक्षीय श्रृंखला के लिए भारत अंडर-19 टीम में चुना गया था, लेकिन चोट के कारण वह खेल नहीं सके थे।
भारत अंडर-19 वनडे टीम:
सागर विर्क, लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), यशबर्धन सिंह चौहान (कप्तान), विनीत वी.के., अर्जुन राजपूत, कुशाग्र ओझा, रजत बघेल (विकेटकीपर), अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अनमोलजीत सिंह, वुटकुरी यशवीर गौड़, रोहित अनिल यादव, शाविन वी, काव्य परेश पटेल, मोहित उल्वा, ईशान सूद।
भारत अंडर-19 मल्टी-डे टीम:
सागर विर्क, लक्ष्य रायचंदानी (उपकप्तान), यशबर्धन सिंह चौहान (कप्तान), पटेल कुश, मानल चौहान, कुशाग्र ओझा, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), आर्यन संदेश सकपाल (विकेटकीपर), हेमचुदेशन जे., बीके किशोर, रोहित अनिल यादव, काव्य परेश पटेल, प्रियंशु सिंह, प्रणव राघवेंद्र, चिगुरुपति वेंकटा।








