
इस साल के अंत में जब भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका का दौरा करेगा, तब दोनों टीमों के बीच तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाने की भी संभावना है।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार 15 दिनों की विंडो उपलब्ध है और इस दौरान तीन टी20 मैच आयोजित करने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है।
इस बीच, नेपाल क्रिकेट संघ ने भी बीसीसीआई से द्विपक्षीय सीरीज के लिए भारत ए टीम भेजने का अनुरोध किया है।
वहीं, पूर्व भारतीय खिलाड़ियों के विदेशी टी20 लीगों में खेलने पर पांच साल का कूलिंग-ऑफ पीरियड लागू करने की खबरों को लेकर भी स्थिति साफ हुई है। सूत्रों के अनुसार, बीसीसीआई फिलहाल ऐसे किसी नियम पर विचार नहीं कर रहा है, हालांकि इस विषय की समीक्षा के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, “ड्राफ्ट नीति तैयार करने के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है, लेकिन किसी विशेष अवधि के कूलिंग-ऑफ को लागू करने पर फिलहाल कोई चर्चा नहीं हो रही है।”
हालांकि, पूर्व खिलाड़ियों पर कूलिंग-ऑफ अवधि लागू करने का विचार पिछले कुछ वर्षों से समय-समय पर चर्चा में रहा है, लेकिन बोर्ड ने अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।








