नाइटक्लब विवाद के बाद बेन स्टोक्स ले सकते हैं संन्यास: रिपोर्ट!

इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स अपने साथी खिलाड़ी गस एटकिंसन के साथ एक नाइटक्लब में हुए विवाद के बाद संन्यास की घोषणा कर सकते हैं।

यह घटना रविवार रात उस समय हुई, जब इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में न्यूज़ीलैंड को 115 रन से हराया था।

मंगलवार को आई टॉकस्पोर्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, स्टोक्स अपनी कप्तानी छोड़ सकते हैं और क्रिकेट से संन्यास का ऐलान भी कर सकते हैं।

इस घटना की जांच इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इस विवाद में एक रग्बी खिलाड़ी भी शामिल था।

पहले टेस्ट के समाप्त होने के बाद टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन के मामले की जांच की जा रही है। सोमवार तड़के स्टोक्स और एटकिंसन एक नाइटक्लब में मौजूद थे, जहां कथित तौर पर यह घटना हुई।

ईसीबी ने अपने बयान में कहा, “हम इस मामले में और जानकारी जुटा रहे हैं। दूसरे टेस्ट के लिए टीम की घोषणा उचित समय पर की जाएगी। क्रिकेट रेगुलेटर को भी इस मामले की जानकारी दे दी गई है और जैसे ही संभव होगा, हम आगे की जानकारी साझा करेंगे।”

इंग्लैंड के उपकप्तान हैरी ब्रूक भी पिछले वर्ष न्यूज़ीलैंड में एक बाउंसर के साथ हुए विवाद को लेकर चर्चा में रहे थे, जिसके लिए उन्होंने बाद में खेद व्यक्त किया था।

इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज़ स्टीव हार्मिसन ने स्टोक्स का बचाव किया।

हार्मिसन ने टॉकस्पोर्ट से कहा, “जब इस मामले के सभी तथ्य सामने आ जाएंगे, तब हम कोई फैसला कर सकते हैं। बेन एक शानदार इंसान हैं। वह ईमानदार लड़का है और उसे खुद पता होगा कि उसने कोई सीमा पार की है या नहीं।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं पूरी तरह उसके साथ हूं। जब सच्चाई सामने आएगी, तो वह वही करेगा जो इस स्थिति में सही होगा। मुझे इससे कोई समस्या नहीं है। मैं बेन को तब से जानता हूं जब वह 15 साल का था।”

हार्मिसन ने खिलाड़ियों के मानसिक स्वास्थ्य की चिंता जताते हुए कहा, “इस समय सबसे जरूरी बात यह है कि एटकिंसन और स्टोक्स दोनों को टीम का पूरा समर्थन मिले। टीम की जिम्मेदारी है कि उनके मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाए।”

“क्योंकि अभी तक हमें पूरी सच्चाई नहीं पता है और कई बातें सामने आनी बाकी हैं। लेकिन फिलहाल ये दो खिलाड़ी ऐसे हैं जिनका टीम को पूरा ख्याल रखना चाहिए।”

इंग्लैंड और न्यूज़ीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच 17 जून से द ओवल में खेला जाएगा।

Previous articleत्रिकोणीय सीरीज़ का पहला मुकाबला: श्रीलंका ए की ड्रामेटिक हार, भारत ए ने दर्ज की रोमांचक जीत!
Manish Kumar
मनीष कुमार एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जिन्हें खेल पत्रकारिता में 25 से ज़्यादा सालों का अनुभव है। वह खास तौर पर क्रिकेट के विशेषज्ञ माने जाते हैं, खासकर टेस्ट क्रिकेट जैसे लंबे और चुनौतीपूर्ण फॉर्मेट में। उन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया ऑनलाइन के साथ करीब 16.5 साल तक काम किया, जहां उन्होंने बड़े क्रिकेट आयोजनों की कवरेज की और गहराई से विश्लेषण वाले लेख और उनकी भरोसेमंद राय पेश की। टेस्ट क्रिकेट के प्रति उनका जुनून उनकी लेखनी में साफ दिखाई देता है, जहां वह खेल की बारीकियों, रणनीतिक मुकाबलों और खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन को सरल और स्पष्ट तरीके से समझाते हैं। मनीष अपनी तेज़ नज़र और डिटेल्स पर ध्यान देने के लिए जाने जाते हैं। आज भी वह क्रिकेट के रोमांच, जटिलताओं और कहानी को दुनिया भर के प्रशंसकों तक जीवंत अंदाज़ में पहुंचाते हैं।