
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के फैंस इस बार टीम की लगातार दूसरी IPL ट्रॉफी जीत का जश्न खिलाड़ियों के साथ सड़कों पर नहीं मना पाएंगे। फ्रेंचाइज़ी ने इस साल बेंगलुरु में किसी भी तरह की विक्ट्री परेड आयोजित न करने का फैसला लिया है।
रविवार को अहमदाबाद में खेले गए IPL 2026 फाइनल में RCB ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया।
हालांकि, पिछले साल हुई दर्दनाक भगदड़ की घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार टीम ने कोई सार्वजनिक विजय जुलूस न निकालने का फैसला किया।
दरअसल, हाल ही में नियुक्त कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण समारोह को भी इस फैसले की बड़ी वजह माना जा रहा है। यह कार्यक्रम लोक भवन में शाम 4:10 बजे आयोजित होना है, जो चिन्नास्वामी स्टेडियम और राजभवन के पास स्थित है।
राजनीतिक कार्यक्रम में पूरे राज्य से भारी भीड़ आने की उम्मीद है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की बड़ी तैनाती जरूरी होगी। इसी कारण शहर पुलिस के लिए एक और बड़े आयोजन को संभालना मुश्किल माना गया।
स्थिति को देखते हुए RCB प्रबंधन ने पुलिस की एडवाइजरी का पालन करना ही बेहतर समझा, जिसमें शहर की सड़कों पर सार्वजनिक जश्न मनाने पर रोक लगाई गई थी।
गौरतलब है कि 4 जून 2025 को RCB की पहली IPL ट्रॉफी जीत के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम के आसपास आयोजित जल्दबाजी में की गई विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 फैंस की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद पूरे राज्य में भारी नाराजगी देखने को मिली थी और हाई कोर्ट समेत न्यायिक संस्थाओं तथा राज्य सरकार को हस्तक्षेप करना पड़ा था।
RCB के एक सूत्र ने कहा, “बेंगलुरु में किसी भी तरह के सार्वजनिक कार्यक्रम होने की संभावना बहुत कम है। कुछ दिशा-निर्देश तय किए गए हैं और हमें उनका पालन करना होगा।”
फाइनल से पहले शुक्रवार को बेंगलुरु पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी कर लोगों से सड़क पर पटाखे फोड़ने, जश्न मनाने, हंगामा करने या झगड़ा करने से बचने की अपील की थी।
बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमंथ कुमार सिंह ने कहा था, “हमने फैंस से सार्वजनिक जगहों पर जश्न न मनाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। किसी भी तरह के सार्वजनिक सेलिब्रेशन की अनुमति नहीं दी जाएगी। अगर कोई जश्न मनाना चाहता है तो वह घर के अंदर मना सकता है।”
इसके अलावा RCB के विदेशी खिलाड़ी जोश हेजलवुड, टिम डेविड, जैकब डफी, रोमारियो शेफर्ड और बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को बुधवार तक मुल्लांपुर पहुंचकर भारतीय टेस्ट टीम के साथ जुड़ना है, जहां अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा।








