‘सपनों जैसा पल’: आईपीएल फाइनल में शानदार प्रदर्शन के बाद विराट कोहली का भावुक रिएक्शन!

विराट कोहली ने हमेशा आईपीएल फाइनल में विजयी रन बनाने का सपना देखा था, और रविवार को वह सपना सच हो गया। इसके साथ ही उन्होंने अपने टी20 करियर की सबसे तेज फिफ्टी भी जड़ी।

कोहली की नाबाद 75 रन की पारी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। फाइनल में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को हराया।

मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कोहली ने कहा, “यह वही चीज़ है जिसका आप सपना देखते हैं। मैंने कई बार इस पल की कल्पना की थी, जब मैं विजयी रन मारूं।”

37 साल की उम्र में भी कोहली खुद को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं और मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “आजकल के युवा खिलाड़ी आपको और बेहतर बनने के लिए मजबूर करते हैं। मुझे अपना माइंडसेट बदलना पड़ा, खेल नहीं। मुझे गेंदबाजों पर अटैक करना और अतिरिक्त रन बनाना सीखना पड़ा।”

कोहली इस बात से भी खुश दिखे कि इस सीजन में टीम के अलग-अलग खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने कहा कि शुरुआती 10 मैचों में अलग-अलग खिलाड़ियों को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड मिलना टीम की ताकत दिखाता है।

उन्होंने कहा, “हमें इस पल का बहुत लंबे समय से इंतजार था। अब हमारे पास ऐसा ग्रुप है जहां मैदान पर उतरते समय आपको हर बार अकेले जिम्मेदारी उठाने की जरूरत महसूस नहीं होती।”

“आपके आसपास ऐसे खिलाड़ी हैं जो आपके लिए मैच जिता सकते हैं। हमारी टीम में इतने खिलाड़ियों ने ‘मैन ऑफ द मैच’ जीता है।”

कोहली ने टीम के गेंदबाजों की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “हॉफ (जॉश हेजलवुड), भुवी (भुवनेश्वर कुमार), डफ (जैकब डफी) और क्रुणाल पांड्या की वर्ल्ड क्लास गेंदबाजी देखने लायक थी। रसिख सलाम दार भी इस सीजन शानदार रहे।”

कोहली का मानना है कि पिछले दो सीजन में आरसीबी ने बेहतरीन टीम संयोजन तैयार किया है, जिससे ड्रेसिंग रूम का माहौल काफी शांत और आत्मविश्वास से भरा रहा।

उन्होंने कहा, “मैं मैदान पर बहुत रिलैक्स महसूस कर रहा था। हमारी टीम किसी भी परिस्थिति से निकलने का भरोसा देती है। हमें पता था कि इस रन चेज में क्या करना है।”

बड़े मुकाबलों में स्टार खिलाड़ियों की जिम्मेदारी पर कोहली ने कहा, “बड़े मौकों पर बड़े खिलाड़ियों को आगे आना ही पड़ता है। मुझे पता था कि विपक्ष मुझे जल्दी आउट करने की कोशिश करेगा, लेकिन मुझे भरोसा था कि हमारी टीम 3-4 ओवर रहते मैच खत्म कर सकती है।”

कोहली ने मौजूदा आरसीबी टीम को संतुलित और मजबूत बताया। उन्होंने कहा, “सभी बल्लेबाजों ने योगदान दिया। मुझे बहुत खुशी होती है ऐसी टीम का हिस्सा बनकर, जहां बैलेंस है, ताकत है और हर विभाग में मजबूती है। यही वजह है कि मैदान पर हमारा आत्मविश्वास अलग दिखता है।”

उन्होंने यह भी कहा कि इस साल का फाइनल पिछले साल से काफी अलग महसूस हुआ।

कोहली ने कहा, “मैंने कुछ खिलाड़ियों से कहा था कि इस बार पिछले साल जैसा दबाव महसूस नहीं हो रहा। हमें अपनी टीम की क्षमता पर पूरा भरोसा था।”

“हम टेबल टॉपर रहे, उसके पीछे वजह थी। हमने बस एक बात कही — अगर हम अपना क्रिकेट खेलें और अपनी योजनाओं को सही तरीके से लागू करें, तो हम टूर्नामेंट की सबसे बेहतरीन टीम हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “लीग स्टेज में टॉप पर खत्म करना, खिलाड़ियों की स्किल, मैच्योरिटी और दबाव में शांत रहने की क्षमता — यह सब पूरे टूर्नामेंट में दिखा। आज भी हमने बेहद क्लिनिकल प्रदर्शन किया।”