
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार को भरोसा है कि भुवनेश्वर कुमार और उनकी मजबूत गेंदबाजी यूनिट टीम को लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाएगी।
आईपीएल 2026 का फाइनल रविवार को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मेजबान गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा।
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाटीदार ने कहा, “अगर आपको टूर्नामेंट जीतना है तो आपके पास अच्छी गेंदबाजी अटैक होना जरूरी है। विकेट लेना बहुत अहम है क्योंकि इस विकेट पर 200-220 रन बनाना आसान है, लेकिन 200-220 रन डिफेंड करना ज्यादा मुश्किल होता है। इसलिए आपके पास बेहतर गेंदबाजी यूनिट होनी चाहिए।”
15 मैचों में 26 विकेट लेने वाले अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की पाटीदार ने जमकर तारीफ की और कहा कि उन्होंने आरसीबी के गेंदबाजी अटैक को शानदार तरीके से लीड किया है।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी की है। वह बहुत अनुभवी गेंदबाज हैं। इस हाई-क्लास प्रतियोगिता में गेंदबाजों के लिए आसान नहीं होता। लेकिन उनके पास काफी स्पष्टता है। उनकी प्लानिंग और रणनीतियां बिल्कुल साफ रहती हैं और यही टीम के लिए बड़ी भूमिका निभा रहा है।”
हालांकि, 32 वर्षीय कप्तान ने यह भी माना कि सिर्फ भुवनेश्वर और जोश हेजलवुड पर निर्भर रहकर टूर्नामेंट नहीं जीता जा सकता।
उन्होंने कहा, “जब आपके पास भुवी और हेजलवुड जैसे टॉप गेंदबाज हों, तब दूसरे गेंदबाजों का समर्थन भी जरूरी होता है। जिस तरह रसिख ने आकर टीम के लिए ब्रेकथ्रू दिलाए, वह बेहद अहम रहा। आप सिर्फ एक या दो गेंदबाजों के दम पर टूर्नामेंट नहीं जीत सकते।”
रसिख ने 11 मैचों में 16 विकेट लिए हैं और उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि भुवनेश्वर और हेजलवुड की शुरुआती सफलता बेकार न जाए।
पाटीदार ने आगे कहा, “पूरे टूर्नामेंट में रसिख ने जिस तरह गेंदबाजी की, वह शानदार रही और इससे टीम को काफी मदद मिली। अब एक-दो गेंदबाजों पर ज्यादा दबाव नहीं है। मुझे लगता है कि यह पूरी टीम का बेहतरीन प्रयास रहा है।”
फिल सॉल्ट की फिटनेस को लेकर पूछे गए सवाल पर पाटीदार ने कहा, “फिल अभी नेट्स में हैं, कुछ ड्रिल्स और बल्लेबाजी कर रहे हैं। लेकिन हमने अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है। डॉक्टर और मैनेजमेंट उनकी स्थिति देखकर आगे निर्णय लेंगे।”








