
IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की 13 मैचों में नौवीं हार के बाद कप्तान ऋषभ पंत भावुक नजर आए। LSG अब प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है और पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है। टीम को सीजन खत्म करने से पहले अभी एक लीग मैच और खेलना है।
मैच के बाद पंजाब किंग्स के खिलाफ शनिवार को होने वाले मुकाबले पर बात करते हुए पंत की जुबान फिसल गई। उन्होंने कहा, “हम अपनी टीम पर गर्व करते हैं, चाहे हमारी स्थिति अभी कैसी भी हो। हमारी टीम जैसी है, हमें पता है कि हम जीत सकते हैं। किसी भी हालत में हम टीम और खिलाड़ी के तौर पर आत्मविश्वास से भरे हुए हैं। चीजें हमारे हिसाब से नहीं गईं और यह सब जानते हैं, लेकिन इससे यह सच नहीं बदलता कि हम एक बहुत शानदार टीम हैं।”
LSG का यह सीजन काफी खराब रहा। टीम के बड़े बल्लेबाज लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। खुद ऋषभ पंत का सीजन बेहद निराशाजनक रहा। निकोलस पूरन भी लय में नहीं दिखे, जबकि मिचेल मार्श ने बाद में फॉर्म हासिल की लेकिन शुरुआत धीमी रही।
टीम डायरेक्टर टॉम मूडी ने भी माना कि मिडिल ऑर्डर की खराब बल्लेबाजी इस खराब सीजन की बड़ी वजह रही।
हालांकि मंगलवार को LSG के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 220 रन बनाए। लेकिन गेंदबाज वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल के सामने बेबस नजर आए। वैभव ने 38 गेंदों में 93 रन बनाए, जबकि यशस्वी ने 23 गेंदों में 43 रन ठोके।
गेंदबाजों के प्रदर्शन पर पंत ने कहा, “कभी-कभी यह मुश्किल हो जाता है। ऐसी सपाट विकेट पर गेंदबाजों के लिए बहुत कम मौका होता है। बहुत ज्यादा सलाह देना भी काम नहीं करता। कभी-कभी आपको सिर्फ एक आसान प्लान के साथ खेलना होता है और हर गेंद पर उसी को लागू करने की कोशिश करनी होती है।”
मैच के आखिरी ओवर में जब राजस्थान को जीत के लिए सिर्फ दो रन चाहिए थे, तब पंत के पास लेफ्ट आर्म स्पिनर शाहबाज अहमद को इस्तेमाल करने का विकल्प था।
इस फैसले पर उन्होंने कहा, “सामने लेफ्ट हैंड बल्लेबाज थे और वे काफी देर से बल्लेबाजी कर रहे थे। मैं उस समय लेफ्ट आर्म स्पिनर को लाना नहीं चाहता था, क्योंकि हमारे पास दिग्वेश राठी पहले से थे। जब राठी मौजूद था तो शाहबाज पर रिस्क क्यों लेते?”








