IPL 2026: पंजाब किंग्स के खिलाफ धीमी ओवर गति के लिए दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर जुर्माना!

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर सोमवार को धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में टीम की धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने अक्षर पटेल और डेविड मिलर की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों की मदद से पंजाब किंग्स को तीन विकेट से हराया और प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी हल्की उम्मीदों को जिंदा रखा।

आईपीएल की मीडिया एडवाइजरी में कहा गया,
“दिल्ली कैपिटल्स (DC) के कप्तान अक्षर पटेल पर टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर 55 में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, धर्मशाला में धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण जुर्माना लगाया गया है।”

आगे कहा गया, “चूंकि यह इस सीजन में आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत उनकी टीम का पहला अपराध था, जो न्यूनतम ओवर गति से संबंधित है, इसलिए अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।”

इस मैच से पहले अक्षर ने आठ पारियों में सिर्फ 44 रन बनाए थे, लेकिन अहम मुकाबले में उन्होंने शानदार वापसी की और चौकों-छक्कों की बरसात कर पंजाब के तेज गेंदबाज़ों को दबाव में डाल दिया।

गीले आउटफील्ड की वजह से गेंद फिसल रही थी और गेंदबाज़ों को नियंत्रण में कठिनाई हो रही थी। ऐसे में अक्षर और मिलर ने लगातार चौके-छक्के लगाकर दिल्ली को मुकाबले में बनाए रखा।

एएफपी के अनुसार, मैच के बाद अक्षर ने कहा,
“मैं लगातार कह रहा हूं कि हम एक अच्छी टीम हैं, अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन अहम मौकों पर जीत हासिल नहीं कर पा रहे थे। मैं इस बात से बेहद खुश हूं कि हमने कैसे खेला और उम्मीद है कि आगे भी ऐसा ही प्रदर्शन जारी रहेगा।”

उन्होंने आगे कहा, “जिस तरह का क्रिकेट हम खेल रहे हैं और हमारी बेंच स्ट्रेंथ को देखते हुए टीम का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। ऐसे हालात में युवा खिलाड़ियों का आगे आना बहुत अच्छा संकेत है।”

अंक तालिका में फिलहाल सातवें स्थान पर मौजूद दिल्ली कैपिटल्स अब रविवार को अपने घरेलू मैदान पर राजस्थान रॉयल्स का सामना करेगी।