IPL 2026 की वजह से ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पाकिस्तान वनडे सीरीज से रह सकते हैं बाहर!

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने गुरुवार को कहा कि कप्तान पैट कमिंस समेत उसके खिलाड़ी IPL 2026 की प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए 30 मई से शुरू होने वाली पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर रहेंगे।

IPL का लीग चरण 24 मई को समाप्त होगा, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के 23 मई को इस्लामाबाद पहुंचने की उम्मीद थी, जो IPL के अहम चरण के दौरान पड़ता है।

सनराइजर्स हैदराबाद के एक सूत्र ने PTI से कहा,
“हां, हमें सूचना मिली है कि हमारी टीम में शामिल ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी IPL के लिए यहीं रुकेंगे।”

SRH टीम में कप्तान पैट कमिंस के अलावा ओपनर ट्रैविस हेड भी शामिल हैं।

14 अंकों के साथ हैदराबाद की टीम फिलहाल अंक तालिका में शीर्ष पर है और प्लेऑफ में पहुंचने के करीब है।

इस समय IPL में खेल रहे अन्य ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में जोश हेज़लवुड, टिम डेविड (RCB), मिशेल मार्श, जोश इंग्लिस (LSG), जेवियर बार्टलेट, मार्कस स्टोइनिस, कूपर कॉनॉली (PBKS), मैथ्यू शॉर्ट (CSK), मिशेल स्टार्क (DC) और कैमरून ग्रीन (KKR) शामिल हैं।

अगर दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स नॉकआउट चरण में नहीं पहुंचती हैं, तो ग्रीन और स्टार्क लीग चरण के बाद IPL छोड़ सकते हैं।

फिलहाल KKR नौ मैचों में सात अंकों के साथ आठवें स्थान पर है, जबकि DC दस मैचों में आठ अंकों के साथ सातवें स्थान पर मौजूद है।

वहीं सुपर जायंट्स नौ मैचों में सिर्फ चार अंकों के साथ दसवें स्थान पर हैं और उनकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी है।

ऐसे में मिशेल मार्श और जोश इंग्लिस पहले वनडे से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ पाकिस्तान जा सकते हैं। हालांकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक इस दौरे के लिए टीम की घोषणा नहीं की है।

दूसरी ओर, हेज़लवुड, डेविड, कॉनॉली और बाकी खिलाड़ियों को IPL में रुकना पड़ सकता है क्योंकि RCB और PBKS की प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाएं काफी मजबूत हैं।

फिलहाल उम्मीद की जा रही है कि ये खिलाड़ी जून के पहले सप्ताह में बांग्लादेश दौरे के लिए राष्ट्रीय टीम से जुड़ेंगे।

ऑस्ट्रेलिया 9 जून से बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलेगा।