आईपीएल 2026: टिकट विवाद के कारण बेंगलुरु फाइनल पर मंडराया खतरा!

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द ही आईपीएल 2026 के प्लेऑफ और फाइनल के वेन्यू की घोषणा कर सकता है, लेकिन फाइनल के आयोजन स्थल को लेकर अभी भी संशय बना हुआ है।

BCCI सूत्रों के अनुसार, प्लेऑफ मुकाबले पंजाब और कर्नाटक के बीच बांटे जा सकते हैं, लेकिन बेंगलुरु में चल रहे विवादों के कारण शहर से फाइनल की मेजबानी छिन सकती है।

एक BCCI सूत्र ने बताया कि परंपरा के अनुसार मौजूदा चैंपियन टीम को आईपीएल फाइनल की मेजबानी मिलती है। हालांकि, बेंगलुरु में राजनीतिक मुद्दे, खासकर विधायकों को टिकट देने को लेकर विवाद, आयोजन में बाधा बन रहे हैं।

सूत्र ने ANI से कहा, “आईपीएल 2026 प्लेऑफ और फाइनल के वेन्यू की घोषणा जल्द होगी। मुकाबले संभवतः पंजाब और कर्नाटक में बांटे जाएंगे। पिछली बार की विजेता टीम को फाइनल होस्ट करना चाहिए, लेकिन बेंगलुरु में विधायक टिकट विवाद समस्या पैदा कर रहा है। अगर इसका समाधान नहीं हुआ तो BCCI फाइनल को किसी दूसरे शहर में शिफ्ट कर सकता है।”

इससे पहले कांग्रेस विधायक विजयआनंद काशप्पनवर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच आईपीएल 2026 के उद्घाटन मैच से पहले मांग की थी कि हर विधायक को कम से कम पांच IPL टिकट दिए जाएं। उनका कहना था कि चुने हुए जनप्रतिनिधि “VIP” होते हैं और उन्हें लाइन में खड़ा नहीं होना चाहिए।

इसके बाद कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा था कि मौजूदा IPL सीजन में RCB के मैचों के लिए विधायकों और सांसदों को तीन-तीन टिकट दिए जाएंगे।

हालांकि, शिवकुमार के बयान के बाद कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने इन दावों को खारिज किया कि विधायक IPL टिकटों का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टिकट ऑनलाइन खरीदे जाते हैं और वही लोग मैच देखने आते हैं जिन्होंने उन्हें खरीदा है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में IPL मैच देखने के लिए सिर्फ विधायक या उनके परिवार के सदस्य ही प्रवेश कर सकते हैं, क्योंकि टिकटों पर साफ लिखा होता है कि वे “नॉन-ट्रांसफरेबल” हैं, यानी उन्हें किसी और को नहीं दिया जा सकता।