जोंटी रोड्स ने माना—आधुनिक फील्डिंग ने छुआ नया स्तर, उम्र का एहसास होने लगा!

फील्डिंग को नई पहचान देने वाले जोंटी रोड्स का मानना है कि आधुनिक क्रिकेट में फील्डिंग का स्तर इतना ऊंचा हो गया है कि अब उन्हें अपनी उम्र का एहसास होने लगा है।

आज के खिलाड़ी बाउंड्री लाइन पर जिस तरह के शानदार कैच और बचाव करते हैं, उसे देखकर रोड्स भी हैरान रह जाते हैं। कभी 1992 वर्ल्ड कप में इंजमाम-उल-हक को रन आउट करने वाला उनका डाइविंग मूव फील्डिंग की पहचान था, लेकिन अब खेल काफी आगे बढ़ चुका है।

रोड्स ने रॉयटर्स को दिए इंटरव्यू में मजाकिया अंदाज में कहा, “काफी समय तक मुझे फील्डिंग का गॉडफादर कहा जाता था, लेकिन अब मैं खुद को ग्रैंडफादर जैसा महसूस करता हूं।”

उन्होंने कहा कि फील्डिंग का स्तर अब बेहद ऊंचा हो गया है, खासकर बाउंड्री पर खिलाड़ियों की मूवमेंट और बचाव करने की क्षमता में बड़ा बदलाव आया है।

रोड्स ने बताया कि पहले वह सर्कल के अंदर ही फील्डिंग करते थे और अपनी मौजूदगी से बल्लेबाजों पर दबाव बनाते थे, लेकिन अब खेल की मांग बदल चुकी है।

उनके अनुसार, बल्लेबाजों के शॉट्स की रेंज बढ़ने और गेंदबाजों के कौशल में सुधार के साथ फील्डिंग भी लगातार विकसित हो रही है।

रोड्स ने यह भी बताया कि “रिले कैच” तकनीक, जिसमें खिलाड़ी बाउंड्री के पास गेंद को हवा में अपने साथी को पास करता है, वेस्टइंडीज के खिलाड़ी कीरोन पोलार्ड ने शुरू की थी।

उन्होंने कहा, “अब यह आम बात लगती है, लेकिन इसके लिए खिलाड़ी काफी मेहनत और अभ्यास करते हैं। यह फील्डिंग का सबसे आकर्षक हिस्सा है और हर खिलाड़ी इसका हिस्सा बनना चाहता है क्योंकि यह हाइलाइट्स में आता है।”

आईपीएल टीमों के फील्डिंग कोच रह चुके रोड्स ने बताया कि वह ट्रेनिंग में ऐसे खास ड्रिल्स करवाते थे ताकि खिलाड़ी इन स्थितियों के लिए तैयार रहें।

उन्होंने कहा कि टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजों के पक्ष में खेल होने के कारण फील्डिंग की अहमियत और बढ़ गई है।

“यह बैट और बॉल के बीच बराबरी की लड़ाई नहीं है। ऐसे में अगर आप शानदार कैच पकड़ते हैं या रन आउट करते हैं, तो यह टीम के लिए बेहद जरूरी होता है।”

रोड्स ने कहा कि टी20 मैच अक्सर आखिरी ओवर या आखिरी गेंद तक जाते हैं, और अगर हर खिलाड़ी एक रन भी बचा ले, तो टीम के लिए बड़ा फर्क पड़ सकता है।

वर्तमान खिलाड़ियों में उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स की फील्डिंग की खास तारीफ की और उनकी तुलना अपने पूर्व साथी हर्शल गिब्स से की।

उन्होंने कहा, “हर्शल गिब्स एक शानदार वन-हैंडेड कैचर थे, जबकि मैं ज्यादा दो हाथों से कैच पकड़ने की कोशिश करता था। गिब्स मुझसे ज्यादा शानदार थे।”

“ग्लेन फिलिप भी कमाल की एथलेटिक फील्डिंग करते हैं, चाहे सर्कल के अंदर हो या बाउंड्री पर।”