
मंगलवार को आईपीएल 2026 के मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 47 रन की हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टीम की खराब फील्डिंग को हार का कारण बताया और इसे “ऑफ डे” करार दिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी एसआरएच को अभिषेक शर्मा की शानदार पारी का बड़ा सहारा मिला, जिन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में शतक जड़ते हुए 68 गेंदों पर नाबाद 135 रन बनाए और टीम को 20 ओवर में 242/2 के विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
मैच के बाद अक्षर पटेल ने कहा, “जब कोई बल्लेबाज इस तरह खेल रहा हो, तो कोच और कप्तान को मानना पड़ता है कि ऐसी पारी को रोकना मुश्किल है। मैं गेंदबाजों से भी यही कह रहा था कि अगर आप अपनी योजना के अनुसार गेंदबाजी कर रहे हैं और फिर भी अच्छे शॉट्स लग रहे हैं, तो ज्यादा कुछ नहीं किया जा सकता। इसे एक ऑफ डे मानकर भूल जाना चाहिए।”
जहां अभिषेक ने सुर्खियां बटोरीं, वहीं एसआरएच की गेंदबाजी भी उतनी ही शानदार रही। ईशान मलिंगा 4 ओवर में 32 रन देकर 4 विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्हें साकिब हुसैन, दिलशान मदुशंका और हर्ष दुबे का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने पूरे मैच में डीसी पर दबाव बनाए रखा।
बड़ी हार के बावजूद अक्षर को लगा कि दिल्ली के पास मैच में मौके थे। उन्होंने माना कि फील्डिंग में की गई गलतियों ने टीम को भारी नुकसान पहुंचाया।
उन्होंने कहा, “हमने रन-आउट और कैच मिस किए — अगर वो ले लेते तो मैच को बेहतर तरीके से कंट्रोल कर सकते थे। फील्डिंग पूरी तरह आपके नियंत्रण में होती है। कैच पकड़ना और रन-आउट करना ऐसे क्षेत्र हैं जहां आप गेंदबाजों की मदद कर सकते हैं। वहीं हमसे कमी रह गई।”
अक्षर ने मैच के कुछ अहम पलों का जिक्र किया। एक मौका तब आया जब अभिषेक अपने अर्धशतक के करीब थे और दूसरा रन लेने की कोशिश कर रहे थे। थ्रो सही था लेकिन केएल राहुल उसे साफ तरीके से पकड़ नहीं पाए। इसके बाद टी नटराजन की गेंद पर अभिषेक का कैच भी छूट गया, जिससे उन्हें एक और जीवनदान मिल गया।
अक्षर का नितीश राणा को ऑलराउंडर के तौर पर इस्तेमाल करने का फैसला भी ज्यादा कारगर नहीं रहा। राणा ने अपने 4 ओवर में 55 रन लुटाए। हालांकि उन्होंने रन चेज में अर्धशतक लगाकर कोशिश की, लेकिन तब तक मैच हाथ से निकल चुका था।
इस हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स अब 25 अप्रैल को अरुण जेटली स्टेडियम में पंजाब किंग्स से भिड़ेगी। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद उसी दिन सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने जीत के सिलसिले को जारी रखने उतरेगी।








