
पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग अपनी टीम की बल्लेबाजी प्रदर्शन से काफी संतुष्ट नजर आए हैं।
पांच मैचों में चार जीत के साथ पंजाब किंग्स इस समय आईपीएल की इकलौती टीम है, जिसे अभी तक हार का सामना नहीं करना पड़ा है। ईडन गार्डन्स में एक मैच बारिश के कारण धुल गया था, जिसमें उन्हें केकेआर के साथ एक-एक अंक साझा करना पड़ा।
गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में टीम ने मुंबई इंडियंस को 196 रन का लक्ष्य 17वें ओवर में ही हासिल कर हराया।
कप्तान श्रेयस अय्यर शानदार फॉर्म में हैं और लगातार तीन पारियों में 50+ स्कोर बनाकर टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं, ओपनिंग में प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
पोंटिंग ने कहा, “हमारी बल्लेबाजी की जितनी तारीफ करूं कम है, लेकिन सच कहूं तो हम बहुत शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं।”
उन्होंने खास तौर पर प्रभसिमरन सिंह की तारीफ करते हुए कहा, “प्रभ, मैं तुम्हारी तारीफ करना चाहता हूं। पावरप्ले में तुम्हें ज्यादा स्ट्राइक नहीं मिली, लेकिन उसके बाद तुमने जिस समझदारी और शांति के साथ बल्लेबाजी की, वह कमाल थी। मैंने तुम्हें इससे बेहतर कभी नहीं देखा।”
पोंटिंग ने गेंदबाजों की भी सराहना की और मिडिल ओवर्स में शशांक सिंह के योगदान को अहम बताया।
उन्होंने कहा, “गेंदबाजी यूनिट ने शानदार काम किया। जिस तरह उन्होंने मैच को वापस हमारी तरफ खींचा, वह बहुत जरूरी था। लग रहा था कि विपक्ष 200 से ज्यादा बना लेगा, लेकिन शशांक के ओवर्स ने मैच का रुख बदल दिया।”
पिछले सीजन में पंजाब किंग्स 11 साल बाद फाइनल में पहुंची थी, जहां उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार का सामना करना पड़ा था।
पोंटिंग ने आगे कहा, “हमें पता है कि अगर हम अपने सर्वश्रेष्ठ के करीब भी खेलते रहे, तो हम लगातार मैच जीतते रहेंगे। हमें अपनी मौजूदा स्थिति पर गर्व होना चाहिए, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम बेहतर बनने के बारे में सोचना बंद कर दें।”
पंजाब किंग्स का अगला मुकाबला 19 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होगा।








