
जोस बटलर ने अपनी शानदार वापसी का श्रेय पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मैथ्यू हेडन के साथ किए गए अभ्यास सत्रों और क्रिकेट से लिए गए छोटे ब्रेक को दिया है। टी20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद बटलर अब फिर से लय में लौटते नजर आ रहे हैं।
लखनऊ में खेले गए IPL मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराया। पहले प्रसिद्ध कृष्णा की अगुवाई में गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद जोस बटलर और शुभमन गिल की अर्धशतकीय पारियों ने टीम को जीत दिलाई।
मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान प्लेयर ऑफ द मैच बटलर से मैथ्यू हेडन के साथ उनके सत्रों के बारे में पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा, “उन्होंने शुरुआत में ही मुझसे पूछा कि मैं गेंद को कितनी अच्छी तरह देख रहा हूं। उन्हें लगा कि मैं गेंद को ठीक से ट्रैक नहीं कर पा रहा। इतने बड़े खिलाड़ी की इतनी सरल सलाह बहुत काम आई।”
बटलर ने आगे कहा, “मैंने उनके साथ समय बिताना काफी एंजॉय किया। उनका व्यक्तित्व और प्रभाव इतना बड़ा है कि जब वह कुछ कहते हैं तो आप ध्यान से सुनते हैं।”
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बटलर का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था, जहां उन्होंने 8 पारियों में सिर्फ 87 रन बनाए थे और इंग्लैंड टूर्नामेंट से बाहर हो गया था।
उन्होंने अपनी वापसी पर कहा, “पिछले कुछ महीनों में मैं खराब फॉर्म से गुजर रहा था, लेकिन अब रन बनाना अच्छा लग रहा है। मैंने क्रिकेट से थोड़ा ब्रेक लिया, जिससे मुझे सोचने का समय मिला और चीजें अपने आप समझ में आने लगीं।”
बटलर ने बताया कि उन्होंने अपनी तकनीक और बेसिक्स पर खास ध्यान दिया।
“कुछ तकनीकी खामियां आ गई थीं, जिससे मैं गेंद को सही से देख नहीं पा रहा था। इसलिए मैंने अपने सेटअप और तैयारी पर काम किया। अगर आप गेंद को सही से नहीं देख पाते, तो खेल बहुत मुश्किल हो जाता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि परिवार का साथ भी उनके लिए मददगार रहा।
“क्रिकेट काफी व्यस्त और दबाव भरा होता है, इसलिए परिवार का साथ मिलना और उनके साथ समय बिताना बहुत अच्छा लगता है।”
वहीं, गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने भी मैच के बाद टीम की गेंदबाजी की तारीफ की। उन्होंने कहा, “पावरप्ले में हमारी गेंदबाजी शानदार रही और मिडिल ओवर्स में हमने दबाव बनाए रखा।”
राशिद खान की तारीफ करते हुए गिल ने कहा कि उनकी गेंदबाजी कप्तान के काम को आसान बना देती है। वहीं मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा के प्रदर्शन की भी उन्होंने सराहना की।
पिच के बारे में बात करते हुए गिल ने कहा, “यह बल्लेबाजी के लिए आसान विकेट नहीं था। अंत में हमने कुछ ज्यादा रन दिए, लेकिन फिर भी यह स्कोर अच्छा था।”
इस तरह बटलर की वापसी और टीम के सामूहिक प्रदर्शन ने गुजरात टाइटंस को लगातार दूसरी जीत दिलाई।








