
पूर्व पाकिस्तान कप्तान यूनिस खान ने तेज गेंदबाज नसीम शाह पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) द्वारा लगाए गए भारी जुर्माने पर नाराज़गी जताई है। उनका कहना है कि इस तरह का कदम खिलाड़ियों और खेल दोनों के लिए नुकसानदायक है।
नसीम शाह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज़ को लेकर कुछ तीखी टिप्पणियां की थीं, जिन्होंने 27 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में पाकिस्तान सुपर लीग के उद्घाटन मैच के दौरान दौरा किया था। इसके बाद पीसीबी की अनुशासन समिति ने उन्हें फटकार लगाते हुए जुर्माना लगाया।
सिर्फ तीन दिनों के भीतर बोर्ड की समिति ने फैसला सुनाते हुए शाह पर 2 करोड़ पाकिस्तानी रुपये (लगभग 71,698 डॉलर) का भारी जुर्माना लगाया, जो खिलाड़ियों के आचार संहिता का उल्लंघन माना गया।
यूनिस खान के अनुसार यह जुर्माना जरूरत से ज्यादा और टाला जा सकता था।
उन्होंने कहा, “जब नसीम शाह ने ट्वीट के लिए माफी मांग ली थी और यह भी साफ कर दिया था कि यह पोस्ट उनके सोशल मीडिया मैनेजर ने किया था, जिसे उन्होंने नौकरी से निकाल दिया है, तब बोर्ड उन्हें चेतावनी देकर या कम जुर्माने के साथ छोड़ सकता था।”
यूनिस का मानना है कि ऐसे फैसले खिलाड़ियों का मनोबल गिराते हैं।
उन्होंने कहा, “बोर्ड को अपने खिलाड़ियों का ख्याल रखना चाहिए।”
यूनिस खान ने यह भी कहा कि अगर हर बात को इतनी गंभीरता से लिया जाएगा, तो बोर्ड अधिकारियों और चयनकर्ताओं को भी गलत फैसलों या खराब काम के लिए दंडित किया जाना चाहिए। उन्होंने पीसीबी से अपील की कि नसीम शाह के पछतावे को देखते हुए अपने फैसले पर दोबारा विचार किया जाए।
नसीम शाह की इस पोस्ट के बाद पीसीबी ने अपने घरेलू और सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाले खिलाड़ियों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें साफ कहा गया है कि किसी भी राजनीतिक पोस्ट की अनुमति नहीं होगी और खिलाड़ियों या उनके सोशल मीडिया मैनेजर को कुछ भी पोस्ट करने से पहले बोर्ड से अनुमति लेनी होगी।
बोर्ड के अनुसार, किसी भी राजनीतिक पोस्ट पर 1 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।








