
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को 2026-27 सीजन के लिए 21 खिलाड़ियों की कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी की, जिसमें युवा ओपनर सैम कॉनस्टास और अनुभवी ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को बाहर कर दिया गया है।
ऑस्ट्रेलिया को अगस्त से शुरू होने वाले 12 महीनों में 20 टेस्ट मैच खेलने हैं। 20 वर्षीय कॉनस्टास के खराब फॉर्म को देखते हुए 31 वर्षीय ओपनर जेक वेदराल्ड को प्राथमिकता दी गई है।
भारी टेस्ट शेड्यूल को ध्यान में रखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पिछले साल की लिस्ट से मैक्सवेल और मैट शॉर्ट को भी बाहर कर दिया है। इसके अलावा संन्यास ले चुके ओपनर उस्मान ख्वाजा और चोटिल तेज गेंदबाज लांस मॉरिस भी इस लिस्ट में शामिल नहीं हैं।
हालांकि सबसे चौंकाने वाला फैसला तेज गेंदबाज झाय रिचर्डसन को बाहर करना रहा, जिन्होंने चार साल बाद बॉक्सिंग डे एशेज टेस्ट में वापसी की थी। उनकी जगह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 31 वर्षीय ब्रेंडन डॉगेट और 36 वर्षीय माइकल नेसर को शामिल किया है।
पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने कहा, “आने वाले 12 महीने बेहद व्यस्त टेस्ट शेड्यूल वाले हैं, जिसमें अलग-अलग परिस्थितियां और चुनौतियां होंगी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में टेस्ट और मल्टी-फॉर्मेट खिलाड़ियों को ज्यादा प्राथमिकता दी गई है।”
ऑस्ट्रेलिया अपने 2026-27 सीजन की शुरुआत अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज से करेगा। इसके बाद टीम जिम्बाब्वे दौरे पर जाएगी, जहां तीन वनडे मैच खेले जाएंगे।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया सितंबर और अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगा, जहां तीन वनडे और तीन टेस्ट मैच खेले जाएंगे। फिर टीम इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर व्हाइट-बॉल सीरीज खेलेगी।
इसके बाद 14 हफ्तों में 10 टेस्ट मैचों का व्यस्त कार्यक्रम होगा, जिसकी शुरुआत दिसंबर-जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की घरेलू सीरीज से होगी।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया 21 जनवरी से भारत दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा। सीजन का समापन मार्च 2027 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड के खिलाफ एक ऐतिहासिक टेस्ट मैच के साथ होगा, जो टेस्ट क्रिकेट की 150वीं वर्षगांठ को चिह्नित करेगा।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की 2026-27 कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट: जेवियर बार्टलेट, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस, ब्रेंडन डॉगेट, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनमैन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लायन, मिचेल मार्श, टॉड मर्फी, माइकल नेसर, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, जेक वेदराल्ड, ब्यू वेबस्टर, एडम ज़म्पा।








