IPL 2026: केकेआर ने घायल आकाश दीप की जगह विदर्भ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे को टीम में शामिल किया!

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आईपीएल 2026 के लिए भारत के तेज गेंदबाज आकाश दीप के चोटिल होने के बाद उनकी जगह विदर्भ के पेसर सौरभ दुबे को टीम में शामिल किया है। आकाश दीप पीठ की चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं।

सौरभ दुबे इससे पहले IPL 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े थे, लेकिन तब भी वह पीठ की चोट के कारण बाहर हो गए थे।

फ्रेंचाइज़ी के एक अधिकारी ने IANS से कहा, “हां, सौरभ दुबे को आगामी सीजन के लिए आकाश दीप के रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किया गया है। वह पहले केकेआर के नेट बॉलर थे और ईडन गार्डन्स व मुंबई कैंप में टीम के साथ अभ्यास कर रहे थे, लेकिन अब वह मुख्य टीम का हिस्सा होंगे।”

28 वर्षीय सौरभ दुबे ने अभी तक IPL में डेब्यू नहीं किया है और पिछले साल अबू धाबी में हुए मिनी ऑक्शन में वह अनसोल्ड रहे थे। हालांकि, उन्होंने ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसके कारण वह Registered Available Player Pool (RAPP) का हिस्सा बने रहे, जहां से फ्रेंचाइज़ी चोटिल खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट चुन सकती हैं।

दुबे ने अब तक विदर्भ के लिए 8 लिस्ट ए मैच और 3 टी20 मुकाबले खेले हैं। वह 2019 ACC Emerging Teams Asia Cup में इंडिया A टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं, जहां मौजूदा भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक टीम के कोच थे। इसके अलावा, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज और पूर्व चयनकर्ता सुब्रतो बनर्जी भी उनकी प्रगति पर नजर रखे हुए थे।

वहीं, केकेआर ने अभी तक हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट पर फैसला नहीं लिया है। राणा फरवरी में दाएं घुटने की मेनिस्कस सर्जरी के बाद पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। पिछले कुछ दिनों से टीम दोनों खिलाड़ियों के लिए ट्रायल कर रही है।

केकेआर अपने IPL 2026 अभियान की शुरुआत 29 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ करेगी। इसके बाद 2 अप्रैल को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहला घरेलू मैच खेलेगी, जबकि 6 और 9 अप्रैल को पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ भी घरेलू मुकाबले होंगे।