पाकिस्तान सुपर लीग में नहीं होंगे दर्शक, आईपीएल के लिए लीग छोड़ने वालों पर PCB करेगा कानूनी कार्रवाई!

क्षेत्र में ईरान-अमेरिका-इज़राइल विवाद के कारण बने संवेदनशील हालात को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने रविवार को घोषणा की कि पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के शुरुआती मैच बिना दर्शकों के खेले जाएंगे।

PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने बताया कि PSL का नया सीजन सिर्फ कराची और लाहौर में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने लाहौर में मीडिया कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, “PSL एक अंतरराष्ट्रीय ब्रांड है और हमारी शान है। इसलिए लीग 26 मार्च से तय समय पर शुरू होगी, लेकिन इसमें दर्शकों को अनुमति नहीं दी जाएगी।”

हालांकि नकवी ने PSL के आयोजन को लेकर सुरक्षा चिंताओं को कम बताते हुए कहा कि यह फैसला सरकार द्वारा घोषित मितव्ययिता (austerity) उपायों के कारण लिया गया है, जो क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए लागू किए गए हैं।

उन्होंने कहा, “मैं आपको बता सकता हूं कि विदेशी खिलाड़ी आज रात से पाकिस्तान पहुंचना शुरू कर देंगे।”

नकवी ने यह भी बताया कि मितव्ययिता के तहत PSL का भव्य उद्घाटन समारोह भी रद्द कर दिया गया है।

उन्होंने आगे कहा कि PCB आठ फ्रेंचाइजियों को मुआवजा देने की कोशिश करेगा और उन्हें उन वेन्यू के लिए अनुमानित टिकट आय (gate money) दी जाएगी, जो पहले घोषित किए गए थे- फैसलाबाद, रावलपिंडी, पेशावर और मुल्तान।

इसके अलावा, नकवी ने स्पष्ट किया कि जो खिलाड़ी PSL का कॉन्ट्रैक्ट तोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने गए हैं, उनके खिलाफ PCB का लीगल विभाग कानूनी कार्रवाई करेगा।

उन्होंने कहा, “लेकिन आप देख सकते हैं कि कई शीर्ष लिस्ट-ए खिलाड़ी PSL से जुड़ रहे हैं, जो हमारी लीग की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।”